400 किलो RDX और 14 आतंकवादी… मुंबई पुलिस को धमकी भरा संदेश भेजने का आरोपी नोएडा से गिरफ्तार
महाराष्ट्र के मुंबई में ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप पर आतंकी हमले की झूठी धमकी देने वाले आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अश्विनी के रूप में हुई है।
![]() |
नोएडा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी को मुंबई लाया जा रहा है और बाद में उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार यह संदेश गुरूवार को यातायात पुलिस की व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर प्राप्त हुआ था। संदेश में दावा किया गया था कि 14 आतंकवादी 400 किलोग्राम आरडीएक्स लेकर मुंबई में घुस गए हैं और उन्होंने इसे वाहनों में रख दिया है।
धमकी भरे मैसेज के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग के जरिए संदिग्ध की जानकारी जुटाई गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुंबई पुलिस ने नोएडा पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद नोएडा पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की। और उसे नोएडा के सेक्टर 113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर 79 से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार के रूप में हुई है और वह बिहार का रहने वाला है।
गणेश उत्सव के मद्देनजर शहर की पुलिस पहले ही सतर्क थी। उन्होंने बताया कि वर्ली थाने में मामला दर्ज किया गया और अपराध शाखा ने जांच का जिम्मा संभाल लिया है।
पुलिस ने कहा कि इस धमकी का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है।
बता दें कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर भेजे गए मैसेज में दावा किया गया था कि 34 गाड़ियों में बम लगाए गए हैं और 400 किलो आरडीएक्स के विस्फोट से ‘देश दहल जाएगा’। संदेश भेजने वाले ने इसमें ‘लश्कर-ए-जिहादी' नामक संगठन का नाम लिखा था।
| Tweet![]() |