पालघर में समुद्र तट पर मिले तीन संदिग्ध कंटेनर, तटरक्षक बल और पुलिस ने शुरू की जांच

Last Updated 08 Sep 2025 11:45:54 AM IST

महाराष्ट्र में पालघर जिले के तटीय इलाकों में रविवार को तीन संदिग्ध कंटेनर मिले जो बहकर आए थे। एक निगम अधिकारी ने यह जानकारी दी।


अधिकारी इस स्थिति को एक गंभीर सुरक्षा और पर्यावरणीय मामला मान रहे हैं, तटीय गांवों को अलर्ट पर रखा गया है और समुद्र तटों पर गश्त बढ़ा दी गई है।

निगम के अनुसार दो कंटेनर सतपति समुद्र तट पर और एक शिरगांव समुद्र तट पर पाया गया , जिसके बाद सुरक्षा और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

अलर्ट मिलते ही, भारतीय तटरक्षक बल और पालघर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा लोगों को वहां आने से रोकने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी।

पालघर के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने कहा, ‘‘हमें पालघर तट पर तीन अज्ञात कंटेनरों के बहकर आने की सूचना मिली। दो सतपति समुद्र तट के पास और एक शिरगांव समुद्र तट पर पाया गया।’’

ज्वार के कारण कंटेनरों की जांच के प्रयास जटिल हो गए हैं। समुद्र में लहरें उठने के कारण अधिकारियों के लिए कंटेनरों के सटीक स्थान तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, क्योंकि ये कंटेनर आंशिक रूप से जलमग्न हैं।

कदम ने कहा, ‘‘उच्च ज्वार के कारण, कंटेनरों तक पहुंचना और उनकी जांच करना फिलहाल मुश्किल है। हम सुरक्षित उन्हें हासिल करने का अभियान सुनिश्चित करने के लिए तटरक्षक बल के साथ समन्वय कर रहे हैं।’’

स्थानीय अधिकारियों को संदेह है कि ये कंटेनर किसी जहाज़ के मलबे या गहरे समुद्र में संकटग्रस्त जहाज़ से बहकर आए होंगे।

हालांकि, उनके स्रोत या सामग्री के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

भाषा
पालघर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment