सफदरजंग अस्पताल में एक और संदिग्ध कोरोना पॉजीटिव

Last Updated 08 Mar 2020 06:11:35 AM IST

सफदरजंग अस्पताल में शनिवार को पहले से भर्ती एक और संदिग्ध में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है।


राजधानी में कोरोना के खौफ के कारण मुंह पर मास्क लगाए महिलाएं। फोटो : अनिल सिन्हा

अस्पताल में शनिवार को कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर कुल 12 हो गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन यह जानकारी देने से देर रात तक इनकार करता रहा कि कोरोना वार्ड में जिस संदिग्ध में शनिवार को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है वह किस शहर व जिला का रहने वाला है।

संक्रमण वाले मरीजों समेत 20 लोग भर्ती : अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके यहां कुल 20 मरीज कोरोना के लिए बने आईसोलेशन वार्ड में हैं। इनमें से 12 में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हो गई है। वहीं पांच मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई जबकि तीन अन्य संदिग्धों की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।

दिल्ली-एनसीआर के 4 मरीज : अस्पताल में पहले से ही दिल्ली के तीन मरीज भर्ती हैं। दिल्ली के तीन मरीजों में गुरु ग्राम में काम करने वाला कर्मचारी शामिल है, जो पश्चिमी दिल्ली का निवासी है। दिल्ली-एनसीआर में अब तक कोरोना की चपेट में चार लोग आ चुके हैं। इसमें गाजियाबाद का भी एक मरीज शामिल है। इसके अलावा सफदरजंग में आगरा के भी छह मरीज भर्ती हैं। इनमें कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है।

एक ही परिवार के संदिग्धों को अलग भर्ती : दिल्ली में कोरोना वायरस पीड़ित व्यक्ति के परिवार के सभी सात सदस्यों को एहतियातन अलग-अलग रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक शुक्रवार को सामने आए कोरोना के पीड़ित व्यक्ति ने थाईलैंड की यात्रा की थी, जिसके बाद उसके वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

25 वर्षीय व्यक्ति ने मलयेशिया की भी यात्रा की थी। नमूनों की जांच के बाद वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। रोगी की पत्नी, माता-पिता, भाई, भाभी और उनके दो बच्चों को पृथक रखा गया है। जांच के लिए उनके रक्त के नमूने लिए गए हैं।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment