Shefali Jariwala Death: मौत का कारण अभी भी स्पष्ट नहीं...शेफाली जरीवाला की अचानक मौत पर मुंबई पुलिस की टिप्पणी

Last Updated 28 Jun 2025 11:44:53 AM IST

‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुईं अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की अचानक और दुखद मौत के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पहले बताया गया था कि शेफाली जरीवाला की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।


अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। मुंबई पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया, ‘‘पुलिस को शुक्रवार देर रात एक बजे इस बारे में सूचना मिली थी। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा दिया गया है। उनकी मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।’’

एक अधिकारी ने बताया कि एक ‘फोरेंसिक’ इकाई और मुंबई पुलिस की एक टीम गोल्डन रेज-वाई बिल्डिंग स्थित अभिनेत्री के अपार्टमेंट पहुंची।

जरीवाला (42) ‘‘कांटा लगा’’ गाने से मशहूर हुई थीं।

उनके पति अभिनेता पराग त्यागी उन्हें मुंबई के अंधेरी उपनगर स्थित बेलव्यू मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ले गए थे।

अस्पताल के एक सूत्र ने बताया, ‘‘उन्हें (शेफाली जरीवाला को) शुक्रवार रात करीब सवा 11 बजे अस्पताल लाया गया था। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।’’

मीडिया में आयी खबरों के मुताबिक शेफाली की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई, हालांकि परिवार या उनके प्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

शेफाली की अचानक मौत पर कई हस्तियों ने दुख जताया है।

गायक मीका सिंह ने कहा कि वह अपनी सबसे प्यारी दोस्त जरीवाला की मृत्यु की खबर सुनकर हैरान हैं।

सिंह ने लिखा, ‘‘मैं बहुत सदमे में हूं, दुखी हूं और मेरा दिल भारी है... हमारी प्यारी स्टार और मेरी सबसे प्रिय दोस्त शेफाली जरीवाला हमें छोड़कर चली गई हैं। अब भी यकीन नहीं हो रहा है। आपको हमेशा आपकी शालीनता, मुस्कुराहट और जिंदादिली के लिए याद किया जाएगा। ओम शांति।’’

अभिनेत्री काम्या पंजाबी ने लिखा, ‘‘मैं यह खबर सुनकर लगे सदमे से उबर नहीं पा रही हूं... मेरा दिल टूट गया है।’’

अभिनेता अली गोनी ने लिखा, ‘‘आपकी आत्मा को शांति मिले शेफाली।’’

शेफाली ने अपने पति के साथ डांस शो ‘‘नच बलिए’’ और बाद में ‘‘बिग बॉस 13’’ जैसे रियलिटी शो में भाग लेकर लोकप्रियता हासिल की थी।

शेफाली 2002 में ‘‘कांटा लगा’’ गाने से लोकप्रिय हुई थीं, जो 1972 की फिल्म ‘समाधि’ के लता मंगेशकर के एक पुराने गीत का रीमिक्स था।

 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment