Shefali Jariwala Death: ‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला का 42 की उम्र में निधन, कार्डियक अरेस्ट से गई जान
‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुईं अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की शुक्रवार रात 42 साल की उम्र में मृत्यु हो गई। अस्पताल के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
![]() |
जरीवाला को उनके पति, अभिनेता पराग त्यागी ने उपनगरीय मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया था।
अस्पताल के एक सूत्र ने बताया, ‘‘उन्हें रात करीब 11:15 बजे अस्पताल लाया गया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक शेफाली की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई, हालांकि परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
शेफाली की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट, जिसमें उन्होंने लिखा था, “वक्त आ गया है जिंदगी को जीने का,” और “ब्लिंग इट ऑन बेबी,” प्रशंसकों को भावुक कर रही है। यूजर्स ने कमेंट्स में लिखा, “ओह माय गॉड, क्या ये सच है?” और “विश्वास नहीं हो रहा, हम शॉक्ड हैं।”
शेफाली ने अपने पति के साथ डांस शो ‘‘नच बलिए’’ और बाद में ‘‘बिग बॉस 13’’ जैसे रियलिटी शो में भाग लेकर लोकप्रियता हासिल की थी।
शेफाली की अचानक मौत पर कई हस्तियों ने दुख जताया है।
गायक मीका सिंह ने कहा कि वह अपनी सबसे प्यारी दोस्त जरीवाला की मृत्यु की खबर सुनकर हैरान हैं।
सिंह ने लिखा, ‘‘मैं बहुत सदमे में हूं, दुखी हूं और मेरा दिल भारी है... हमारी प्यारी स्टार और मेरी सबसे प्रिय दोस्त शेफाली जरीवाला हमें छोड़कर चली गई हैं। अब भी यकीन नहीं हो रहा है। आपको हमेशा आपकी शालीनता, मुस्कुराहट और जिंदादिली के लिए याद किया जाएगा। ओम शांति।’’
अभिनेत्री काम्या पंजाबी ने लिखा, ‘‘मैं यह खबर सुनकर लगे सदमे से उबर नहीं पा रही हूं... मेरा दिल टूट गया है।’’
अभिनेता अली गोनी ने लिखा, ‘‘आपकी आत्मा को शांति मिले शेफाली।’’
शेफाली 2002 में ‘‘कांटा लगा’’ गाने से लोकप्रिय हुई थीं, जो 1972 की फिल्म ‘समाधि’ के लता मंगेशकर के एक पुराने गीत का रीमिक्स था।
| Tweet![]() |