IND vs ENG, 4th Test: इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के पहले दिन जायसवाल और सुदर्शन ने ठोके अर्धशतक
IND vs ENG, 4th Test: सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (58 रन) के अर्धशतक के बाद साई सुदर्शन (61 रन) ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए पचासा जड़ा जिससे भारत ने बुधवार को यहां चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन स्टंप तक चार विकेट पर 264 रन बना लिए।
![]() मैनचेस्टर : इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतकीय पारियां खेलने वाले भारतीय ओपनर केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल रन लेते हुए। |
दिन का खेल समाप्त होने तक रविंद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर 19-19 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पैर में चोट लगने के कारण ‘रिटार्यड हर्ट’ हो गए।
आसमान में बादल छाए थे और भारतीय टीम को बल्लेबाजी का न्योता मिला जिसके बाद भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (46 रन) और जायसवाल (107 गेंद) ने 94 रन जोड़कर सीरीज में अपनी सर्वोच्च साझेदारी निभाई।
इसके बाद सुदर्शन (151 गेंद) ने दबाव में एक जबरदस्त पारी खेली और करुण नायर पर अपने चयन को सही साबित किया। सुदर्शन के साथ बल्लेबाजी कर रहे पंत (48 गेंद में 37 रन, रिटार्यड हर्ट) क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स हिट से चूक गए। गेंद पंत के दाहिने पैर पर लगी जिससे उन्हें काफी दर्द हुआ और आखिरकार उन्हें गोल्फ कार्ट में मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।
पूरे दिन बादल छाए रहे, लेकिन धीमी पिच ने बल्लेबाजों को जोफ्रा आर्चर की तेज रफ्तार का सामना करने के लिए पर्याप्त समय दिया। लीड्स में सुदर्शन के आउट होने के तरीके से प्रेरित होकर इंग्लैंड ने जानबूझकर लेग साइड में गेंद डालने की चाल चली।
बेन स्टोक्स लगभग इसी तरह सुदर्शन को आउट कर ही देते लेकिन जैमी स्मिथ ने लेग स्टंप पर एक आसान कैच छोड़ दिया जिससे इस भारतीय बल्लेबाज को जीवनदान मिला। तब वह 20 रन पर थे। उन्होंने किस्मत का फायदा उठाते हुए आर्चर की गेंद पर कुछ पुल शॉट खेले और फिर स्टोक्स की गेंद पर बैकफुट शॉट खेला।
इंग्लैंड के कप्तान ने सुदर्शन को आउट करने के लिए प्रयास जारी रखे लेकिन फिर उन्होंने शॉर्ट बॉल की रणनीति अपनायी। सुदर्शन अंत में उनकी एक गेंद को फाइन लेग पर ब्रायडन कार्स के हाथों में खेल गए। यह युवा भारतीय बल्लेबाज पारी की शुरुआत में सतर्क था, वह मिडिल और लेग स्टंप पर पिच होने वाली गेंदों पर ही रन बना रहे थे।
उन्होंने आर्चर की गेंद पर अपना पहला चौका लगाया और फिर कवर पर लियाम डॉसन की गेंद पर छक्का जड़ दिया। चोट लगने से पहले तक पंत अपने चिरपरिचित अंदाज में खेलते रहे और आर्चर की गेंद पर स्वीप करने के बाद कार्स की गेंद पर छक्का जड़ दिया।
इंग्लैंड ने क्रीज पर जमी राहुल और जायसवाल की सलामी जोड़ी को आउट करने के बाद कप्तान शुभमन गिल का विकेट भी झटक लिया जिससे चाय तक भारत का स्कोर तीन विकेट पर 149 रन हो गया।
इससे पहले सुबह के सत्र में जायसवाल भी क्रिस वोक्स के मुश्किल स्पैल से बचे जबकि राहुल ने हमेशा की तरह मजबूत बल्लेबाजी की जिससे भारत ने लंच तक बिना किसी नुकसान के 78 रन बना लिए। ओल्ड ट्रैर्फड में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने वाली टीम कभी नहीं जीती है लेकिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने बादलों के बावजूद सुबह इस आंकड़े को नजरअंदाज किया। गेंद घूम रही थी लेकिन रफ्तार की कमी के कारण भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने आसानी से पुल शॉट खेले।
स्कोर बोर्ड
भारत (पहली पारी) -
यशस्वी जायसवाल का. ब्रुक बो. डॉसन 58
केएल राहुल का. क्रॉली बो. वोक्स 46
साई सुदर्शन का. कार्स बो. स्टोक्स 61
शुभमन गिल पगबाधा बो. स्टोक्स 12
ऋषभ पंत रिटार्यड हर्ट 37
रविंद्र जडेजा (खेल रहे हैं) 19
शार्दुल ठाकुर (खेल रहे हैं) 19
अतिरिक्त - 12
कुल - (83 ओवर में चार विकेट पर) 264
विकेटपतन - 1/94, 2/120, 3/140, 4/235
गेंदबाजी - क्रिस वोक्स 7-4-43-1, जोफ्रा आर्चर 16-2-44-0, ब्रायडन कार्स 16-1-60-0, बेन स्टोक्स 14-2-47-2, लियाम डॉसन 15-1-45-1, जो रू 5-0-19-0
| Tweet![]() |