मनीष सिसोदिया ने अस्पताल में भर्ती CM भगवंत मान से की मुलाकात

Last Updated 06 Sep 2025 01:30:26 PM IST

आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मोहाली के एक निजी अस्पताल में मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।


मान (51) को शुक्रवार शाम थकान और कम हृदय गति की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, मान फिलहाल निगरानी में हैं।मान से मुलाकात के बाद सिसोदिया ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री पिछले दो-तीन दिनों से अस्वस्थ थे।

आप के पंजाब प्रभारी सिसोदिया ने कहा, ‘‘मान के शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन था।’’

इससे पहले, उनका घर पर ही इलाज चल रहा था।

सिसोदिया ने कहा, ‘‘कल शाम उनकी नाड़ी की गति कम हो गई और इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। तब से उन्हें निगरानी में रखा गया है।’’उन्होंने कहा, ‘‘उनकी हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। चिकित्सकों के अनुसार, उन्हें एक-दो दिन और अस्पताल में रहना होगा।’’

मान के साथ अपनी बातचीत के बारे में सिसोदिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पंजाब में बाढ़ की स्थिति पर बात की।

शुक्रवार को मान की अध्यक्षता में होने वाली पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक उनके बीमार पड़ने के कारण स्थगित कर दी गई थी। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ भी नहीं जा सके।
 

भाषा
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment