हरियाणा : पहाड़ दरकने से चार की मौत, कई वाहन दबे, कुछ के दबे होने की आशंका

Last Updated 02 Jan 2022 02:17:01 AM IST

हरियाणा में भिवानी जिले के डाडम में खनन के दौरान पहाड़ का बड़ा हिस्सा ढहने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें हिसार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


हरियाणा : भिवानी जिले के डाडम खनन क्षेत्र में शनिवार को पहाड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। इसमें चार लोगों की मौत हो गई व कई लोग घायल हो गए। कई वाहन मलबे में दब गए। कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। प्रशासन राहत एवं बचाव में कार्य में जुटा है।

मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आंशका है। मलबे में चार खनन मशीन समेत कई अन्य वाहन भी दब गए हैं। अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि तोशाम पुलिस थाने के अंतर्गत डाडम गांव में सुबह करीब आठ बजे खनन कार्य के दौरान पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक से ढह गया, जिसकी वजह से वहां खड़ी करीब आधा दर्जन पोपलैंड मशीनें व डंपर दब गए।

उन्होंने बताया कि प्रशासन मलबे से लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य कर रहा है। हालांकि अभी स्पष्ट नहीं है कि मलबे में कितने लोग दबे हो सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने पहाड़ दरकने वाले स्थान पर लोगों के जाने पर पाबंदी लगा दी है।

गाजियाबाद माइनिंग सेफ्टी डिपार्टमेंट करेगा जांच

हरियाणा के खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि पहाड़ दरका है या विस्फोट के कारण यह दुर्घटना हुई है, इसकी जांच गाजियाबाद माइनिंग सेफ्टी डिपार्टमेंट (खनन सुरक्षा विभाग) करेगा और इसमें जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संभलने का मौका ही नहीं मिला

प्रत्यक्षदर्शी व पिंजोखरा गांव निवासी चालक सतपाल ने बताया कि संभलने का मौका ही नहीं मिला, अचानक घटना हुई और चारों तरफ धूल का गुब्बार उठा जिससे कुछ नजर नहीं आ रहा था। धमाके के साथ गिरे पत्थर से उसका डंपर भी करीब 20 फीट आगे खिसक गया। सतपाल ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि वह जिंदा हैं।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
भिवानी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment