हरियाणा: भिवानी में पहाड़ दरकने से हुआ बड़ा हादसा, 2 लोगों की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

Last Updated 01 Jan 2022 02:39:19 PM IST

हरियाणा के भिवानी जिले में दादम खनन क्षेत्र में शनिवार को भूस्खलन से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी।


भिवानी में भूस्खलन से 2 की मौत, कई के मलबे में दबे होने की आशंका

उन्होंने बताया कि भूस्खलन की घटना तोशाम ब्लॉक में हुई और करीब आधा दर्जन डंपर तथा कुछ मशीनें भी मलबे में दब गई हैं।

तोशाम थाने के निरीक्षक सुखबीर ने कहा, ‘‘इस घटना में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है।’’ उन्होंने बताया कि मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है, मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका है और बचाव एवं राहत कार्य जारी है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस घटना को लेकर जिला प्रशासन के निरंतर संपर्क में है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भिवानी के दादम खनन क्षेत्र में भूस्खलन की घटना से दुखी हूं। मैं लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं, ताकि तेजी से बचाव अभियान सुनिश्चित किया जा सके और घायलों की तत्काल सहायता की जा सके।’’

इस बीच, राज्य सरकार के मंत्री जे पी दलाल मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को निकालना है और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंच गई है।

 

 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment