AAP मना रही जश्न, संजय सिंह बोले- जीत गया हिंदुस्तान
आम आदमी पार्टी के दफ्तर पर जीत का जश्न शुरू हो गया है। आप के प्रमुख नेता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल की पार्टी को वोट देकर नफरत और उन्माद की राजनीति को नकार दिया है और विकास तथा राष्ट्रवाद को चुना है।
![]() आप नेता संजय सिंह |
राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने कहा, दिल्ली की जनता ने बता दिया कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के दो करोड़ लोगों के परिवार का बेटा है और उसे कोई हरा नहीं सकता।
सिंह ने पार्टी नतीजों पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन चुनावों में अपनी सारी सरकारी मशीनरी झोंक दी थी और पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों, कई पूर्व मुख्यमंत्रियों और गृह मंत्री अमित शाह तथा अन्य केन्द्रीय मंत्रियों को चुनाव प्रचार में लगाया लेकिन दिल्ली की जनता बहुत समझदार थी और उसने सही गलत का फर्क जानकर वोट दिया और अपने बेटे को प्रचंड बहुमत दिलाया।
उन्होंने कहा कि इन चुनावों को भाजपा ने हिन्दुस्तान पाकिस्तान का नाम दिया गया था और आज हिन्दुस्तान जीत गया है और इसी पार्टी ने केजरीवाल को आतंकवादी करार दिया था लेकिन केजरीवाल ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं की थी और जनता से यही कहा था, ‘‘आपका बेटा हूं और आपकी सेवा की है। यह साबित करता है कि जनता भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को अच्छी तरह समझती है।’’
सिंह ने कहा कि दिल्ली की डेढ़ करोड़ से अधिक जनता ने सही पार्टी को वोट दिया है जो हमेशा उनकी आवाज बनी रही और उनके हकों के लिए आगे भी लड़ते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि 70 सीटों के रुझानों में आम आदमी पार्टी ने बड़ी बढ़त हासिल की है। रुझान में आप 57 सीटों पर आगे है। शुरुआती रूझानों में बढ़त मिलने के साथ ही राउज एवेन्यू स्थित आप के मुख्यालय पर समर्थकों की भारी भीड़ जुटने लगी और जश्न शुरू हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 13 सीट पर आगे है, वहीं कांग्रेस का खाता खुलता नहीं दिख रहा है।
एक्जिट पोल’ में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की जीत का अनुमान व्यक्त किए जाने और चुनाव आयोग द्वारा मतदान प्रतिशत की घोषणा में देरी होने के बाद से विधानसभा चुनाव के नतीजे को लेकर लोगों के बीच जिज्ञासा बहुत बढ़ गयी थी।
| Tweet![]() |