गार्गी कॉलेज की छात्राओं से अभद्र व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण : केजरीवाल

Last Updated 11 Feb 2020 06:03:58 AM IST

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि गार्गी कॉलेज की छात्राओं से अभद्र व्यवहार की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए।


गार्गी कॉलेज में फेस्ट के दौरान हुई छेड़छाड़ के विरोध में प्रदर्शन कर प्रिंसिपल के इस्तीफे की मांग करतीं छात्राएं। फोटो : प्रेट्र

गार्गी महिला कॉलेज में छह फरवरी को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुछ व्यक्ति बिना आमंत्रण के घुस गए थे और उन्होंने छात्राओं के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। यह घटना तब सामने आई जब कुछ छात्राओं ने इंस्टाग्राम पर भयावह अनुभवों का जिक्र किया। घटना के विरोध में गार्गी कॉलेज की छात्राओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से आए इन लोगों ने लड़कियों को छूने की कोशिश की, उन्हें घसीटा और अश्लील हरकतें की, जबकि इन घटनाओं के दौरान सुरक्षा गार्ड एवं पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि गार्गी कॉलेज में हमारी बेटियों के साथ र्दुव्‍यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। दोषियों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए। कॉलेजों में पढ़ने वाले हमारे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी घटना की निंदा की।

सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कि गार्गी कॉलेज के कार्यक्रम के दौरान जो कुछ हुआ, वह बहुत निंदनीय है। ऐसे उत्सव दिल्ली में सांस्कृतिक विविधता और प्रतिभा का जश्न मनाने के अवसर होते हैं। लेकिन असामाजिक तत्व छात्राओं का उत्पीड़न करने और उन पर हिंसा करने के एक अन्य मौके के रूप में इस उत्सव को देखते हैं।

आप नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि यह बहुत शर्मनाक है कि राजधानी में ऐसी घटनाएं हुई। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा का नारा-बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का है, क्या इसी तरीके से वह (केंद्र सरकार) लड़कियों की रक्षा करेगी। प्रोफेसर, छात्र सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं। पुलिस क्या कर रही है?

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment