दिल्ली को पूर्ण राज्य की मांग एक बेमानी नारा है : शीला

Last Updated 30 Apr 2019 06:14:41 AM IST

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरना शुरू कर दिया है। दीक्षित ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने की मांग को बेमानी नारा करार दिया है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित (file photo)

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल कभी भारत के संविधान को पढ़ने, सोचने और समझने की कोशिश की होती। उन्होंने कहा कि हकीकत तो यह है कि उनकी राजनीति का आधार ही नामी-गिरामी व्यक्तित्वों पर आधारहीन व्यक्तिगत आरोप लगाना, बुनियादी बातों की ओर से जनता का ध्यान भटकाना  और गैरसंवैधानिक डिमांड करके जनता को दिग्भ्रमित करना रहा है।
शीला दीक्षित ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलवाने के अरविन्द केजरीवाल के दावे पर कहा कि केजरीवाल ने जबसे राजनीति में कदम रखा है वे तभी से सिर्फ  खोखले दावे और झूठे वादे हवा में उछालते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दिल्ली सरकार के वर्षो की उपलब्धियों और दिल्लीवासियों के विश्वास के कारण दिल्ली में मजबूत है और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी दिल्ली की सातों सीटों पर पूर्ण बहुमत से जीतेगी।

उन्होंने कहा कि आज दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य की मांग करना देश के संविधान के खिलाफ मांग करना है। उसके लिए भारत के संविधान में संशोधन आवश्यक है। संविधान में संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता पड़ती है। केजरीवाल आज चन्द लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करके दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलवाने के नाम पर जनता से वोट मांग रहे हैं। कोई उनसे पूछे कि 2014 के आम चुनावों में पंजाब से उनके चार सांसद लोकसभा में पहुंचे थे और पिछले साल दिल्ली से इनके तीन सांसद राज्यसभा में भी आ गए तो इन लोगों ने संसद में कब और कितनी बार दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य की मांग की।
दीक्षित ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली चुनावों में पूर्ण राज्य की मांग करना केवल पिछले साढ़े चार साल में अपनी नाकामियों को छिपाने का प्रयास मात्र है। उन्होंने केजरीवाल सरकार पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि दिल्ली विधानसभा में ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता में रहते हुए आपने दिल्ली और दिल्लीवासियों की बेहतरी के लिए क्या किया? आज दिल्लीवासी स्वच्छ वातावरण में सांस तक नहीं ले पा रहे हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment