रूस : दो पोतों में आग लगी, 14 की मौत, मरने वालों में भारतीय भी

Last Updated 23 Jan 2019 03:15:38 AM IST

क्रीमिया को रूस से अलग करने वाले कर्च जलसंधि में दो पोतों में आग लग जाने से 14 लोग मारे गए।


मंगलवार को क्रीमिया को रूस से अलग करने वाले कर्च जलसंधि में दो मालवाहक जहाजों में आग लग जाने के बाद जहाज से उठता धुआं।

इन दोनों पोतों पर चालक दल के भारतीय, तुर्की और लीबियाई सदस्य सवार थे। मंगलवार को मीडिया में आई खबरों से यह जानकारी मिली।
रूस की जलसीमा के पास दोनों पोतों में आग लगी। इन पोतों पर तंजानियाई झंडा लहरा रहा था। इनमें से एक पोत द्रवीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) ले जा रहा था जबकि दूसरा एक टैंकर ले जा रहा था। आग उस वक्त लगी जब इनमें से एक पोत दूसरे पोत को ईंधन दे रहा था। घटना के शिकार हुए कैंडी नाम के पोत के चालक दल में 17 सदस्य सवार थे जिसमें नौ तुर्की और आठ भारतीय नागरिक थे। दूसरे पोत माइस्त्रो के चालक दल में 15 सदस्य थे जिनमें तुर्की के सात, भारत के सात और लीबिया का एक नागरिक था।

समाचार एजेंसी ‘तास’ ने समुद्री अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी। एक रूसी टीवी नेटवर्क ने रूसी समुद्री एजेंसी के हवाले से बताया, 14 नाविकों की मौत हुई है। एजेंसी ने यह नहीं बताया, मृतकों में किन देशों के नागरिक हैं। रूसी समुद्री एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया, अंदाजा लगाया जा रहा है कि (एक पोत पर) धमाका हुआ जिसके बाद आग दूसरे पोत तक फैल गई। बचाव टीम मौके पर पहुंचने वाली है। करीब तीन दर्जन नाविकों ने पोतों से कूदकर आग की लपटों से अपनी जान बचाई। प्रवक्ता ने बताया, अब तक 12 लोगों को बचा लिया गया है। छह नाविक अब भी लापता हैं। क्रीमियाई बंदरगाह के निदेशक ने कहा, दुर्घटना से समुद्री आवागमन में व्यवधान उत्पन्न नहीं हुआ है और केर्च जलडमरुमध्य के रास्ते पोतों का आना-जाना जारी है।

भारत लगातार रूस के संपर्क में
केर्च जलडमरूमध्य के पास काला सागर में दो मालवाहक जहाजों में लगी भीषण आग में कुछ भारतीयों के प्रभावित होने की खबरों के बाद भारत रूस के साथ संपर्क में बना हुआ है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने मंगलवार को बताया, बचाव अभियानों की निगरानी कर रही रूसी समुद्री एजेंसी के मुताबिक सोमवार को हुई इस घटना में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 12 लोगों को बचा लिया गया तथा नौ अब भी लापता हैं। रूसी संवाद समिति तास ने खबर दी कि तंजानिया के ध्वज लगे हुए दो मालवाहक जहाजों में चालक दल के कुल 32 लोग मौजूद थे और वह भारत एवं तुर्की से थे। कुमार ने बताया, घटना में प्रभावित हुए भारतीय नागरिकों के बारे में ज्यादा जानकारी जुटाने और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए रूस में भारतीय दूतावास रूसी एजेंसियों से लगातार संपर्क में बना हुआ है।

एजेंसियां
मास्को/नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment