ममता फैलाएंगी आंचल

Last Updated 05 Oct 2021 12:04:13 AM IST

ममता बनर्जी ने रिकार्ड मतों से भवानीपुर सीट का उपचुनाव जीतकर अपना डंका तो बजाया ही है, अपने खिलाफ की जा रही साजिशों को भी बेनकाब कर दिया है।


ममता फैलाएंगी आंचल

उन्होंने भाजपा की प्रियंका टिबरेवाल को 58,835 मतों से मात दी। जीत के बाद ममता यह कहने से खुद को रोक नहीं पाई कि विधानसभा चुनाव के वक्त से ही उनके खिलाफ की जा रही साजिशों का भवानीपुर के लोगों ने जोरदार जवाब दिया है।

यह बात किसी को हजम नहीं हुई थी कि विधानसभा चुनाव में जब उनकी पार्टी ने पूरे राज्य में चौतरफा जीत हासिल की तो वह नंदीग्राम में कैसे हार गई? भवानीपुर की जीत से मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का उनका रास्ता भी साफ हो गया है। उनके मुख्यमंत्री बने रहने की राह में भी रोड़े अटकाने की बहुत कोशिशें की गई। यहां तक कि उपचुनाव कराए जाने को लेकर भी शंकाएं थीं कि शायद इन्हें कोरोना महामारी के नाम पर टाल न दिया जाए।

यदि ऐसा होता तो संवैधानिक बाध्यताओं के कारण ममता को इस्तीफा देना पड़ता, लेकिन चुनाव आयोग ने समझदारी दिखाते हुए उपचुनाव की घोषणा करके संवैधानिक संकट की नौबत नहीं आने दी। टीएमसी ने भवानीपुर ही नहीं राज्य की दो और सीटों शमशेरगंज और जांगीपुर में हुए उपचुनाव में भी जीत हासिल की है। तीनों उपचुनाव जीतकर ममता ने केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा की चिंता बढ़ा दी है।

भाजपा पहले ही एक के बाद एक नेताओं के पार्टी छोड़कर टीएमसी में जाने से चिंता में है। सबसे बड़ा झटका तो उसे मुकुल रॉय और बाबुल सुप्रियो के टीएमसी में जाने से लगा है। सब जानते हैं कि ममता अब प. बंगाल तक सीमित नहीं रहने वाली। उन्होंने साबित कर दिया है कि भाजपा को बड़ी चुनौती वह ही दे सकती है। बिखरा हुआ विपक्ष उनके पीछे लामबंद हो सकता है।

अब ममता राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा पर दबाव बढ़ाने की तैयारी में हैं। त्रिपुरा से इसकी शुरुआत हो भी गई है। त्रिपुरा में यह चर्चा है कि भाजपा के कई विधायक टीएमसी में शामिल होने की ताक में हैं। इससे राज्य में दोनों दलों के बीच खींचतान और बढ़ेगी। इतना तो तय है कि 2024 के आम चुनाव में भाजपा की प. बंगाल में राह आसान नहीं रहने वाली। हालांकि 2019 के आम चुनाव में भाजपा ने पहली बार राज्य में 18 सीटें हासिल की थीं। भाजपा नेता भी अब मानने लगे हैं मौजूदा स्थितियों में यह राह मुश्किल हो गई है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment