समुद्र से आतंक

Last Updated 28 May 2019 06:28:29 AM IST

इस खबर ने संपूर्ण देश में सनसनी फैला दी है कि इस्लामिक स्टेट (आईएस) के 15 आतंकवादी श्रीलंका से समुद्र के रास्ते भारत भागे हैं।


समुद्र से आतंक

श्रीलंका की ओर से भारत को यह खुफिया सूचना दी गई है कि उनके यहां कड़ाई के बाद आतंकवादी नौकाओं पर सवार होकर लक्षद्वीप के लिए रवाना हुए हैं। श्रीलंका में ईस्टर के दिन चचरे और होटलों में आतंकी हमले के बाद से केरल, तमिलनाडु एवं लक्षद्वीप में उससे जुड़ाव के प्रमाण मिले थे। हालांकि हमलों से यहां का कोई सीधा संबंध नहीं मिला। किंतु साफ हो गया मुख्य हमलावर भारत में कई बार आया था और उसके वीडियो सुनकर कुछ लोग आतंकवादी बनने को तैयार हुए थे। केरल में तो कुछ गिरफ्तारियां भी हुई और पता चला कि ये यहां हमले की साजिश रच चुके थे। तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा पहले से ही पुख्ता की जा चुकी है। इसलिए आसानी से आतंकवादियों के प्रवेश कर पाने की संभावना नहीं है।

किंतु समुद्र में भारतीय मछुआरे भी नावों के साथ भारी संख्या में रहते हैं। उनके बीच वे घुस सकते हैं। इसलिए मछली पकड़ने वालों के साथ समुद्र में जाने वालों को भी आगाह किया जा रहा है कि समुद्र में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो सूचना तुरत दें। श्रीलंका में हमले के बाद पता चला कि वहां आतंकवादी समूह अपनी जड़ें काफी फैला चुके थे। हालांकि श्रीलंका ने एकदम कठोरता से कार्रवाई की। पूरे देश को ऐसे छान दिया कि किसी संदिग्ध के वहां बचे रहने की संभावना लगभग नि:शेष हो गई। तभी राष्ट्रपति ने घोषणा कर दी कि श्रीलंका अब आतंक मुक्त हो चुका है।

जाहिर है, कुछ वहां से भागे अवश्य होंगे। अगर भागेंगे तो उनका मुख्य लक्ष्य भारत ही हो सकता है। इसलिए हमें सूचनाओं को हल्के में नहीं लेना चाहिए। देश में एक वर्ग ऐसा है जो आतंकी खतरे की सूचनाओं पर उपहासात्मक लहजे में प्रतिक्रिया देता है, और इसे देश का मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश भी कह देता है। जब हमला हो जाता है तो यही वर्ग सरकार की सुरक्षा विफलताओं को कठघरे में खड़ा करता है। जेहादी आतंकवाद हमारे समय का सबसे बड़ा सुरक्षा खतरा है। भारत उसका शिकार है, इसे साबित करने के लिए यहां हमलों तथा हाल के वर्षो में पकड़े गए आतंकवादी हैं। उम्मीद करते हैं कि सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता इन आतंकवादियों को भारत में घुसने नहीं देगी।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment