शतरंज को बढ़ावा देगा सहारा इंडिया परिवार : सहाराश्री

Last Updated 10 Jan 2020 04:27:28 AM IST

सहारा इंडिया परिवार के प्रबंध कार्यकर्ता एवं चेयरमैन सहाराश्री सुब्रत रॉय सहारा ने शतरंज को बढ़ावा देने के लिए शतरंज से जुड़ने की घोषणा की है।


18वें दिल्ली अंतरराष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में ग्रैंड मास्टर अभिजीत गुप्ता के साथ शतरंज खेलने के बाद हाथ मिलाते सहारा इंडिया परिवार के प्रबंध कार्यकर्ता एवं चेयरमैन सहाराश्री सुब्रत रॉय सहारा।

सहाराश्री ने कहा कि देश के हरेक माता-पिता अपने बच्चों में शतरंज खेलने के लिए रुचि पैदा करें, ताकि देश पांचवें पायदान से पहले पायदान पर पहुंच सके।

बृहस्पतिवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू हुए 18वें दिल्ली अंतरराष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए सहाराश्री ने कहा कि शतरंज माइंड गेम है।

यह खेल दिमाग के अंदर की सोच को जगाता है। मन के साथ तन को भी स्वस्थ रखता है।

उन्होंने कहा कि शतरंज में भारत ने विश्व को अनेक खिलाड़ी दिए हैं। अभी भी हम पांचवें नम्बर पर हैं।

हमारी कोशिश होनी चाहिए कि देश दुनिया में नम्बर एक पर आ जाए।

टूर्नामेंट खेलने मुंबई से आई एक प्रतियोगी बच्ची के साथ चेस खेलकर उसका मनोबल बढ़ाते सहाराश्री।सहाराश्री ने कहा कि सहारा इंडिया परिवार का अनेक खेलों से लगाव रहा है। हम प्रयास करेंगे कि शतरंज से भी जुड़ें। उन्होंने कहा कि हम तय करेंगे कि कैसे शतरंज को बढ़ावा देने के लिए इससे जुड़ा जाए।

उन्होंने देशवासियों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा लोग शतरंज खेलें।

माता-पिता अपने बच्चों में शतरंज खेलने के लिए रुचि पैदा करें।

स्टेडियम में मौजूद सैकड़ों खिलाड़ियों को देखकर सहाराश्री ने कहा कि उन्होंने शतरंज के अनेक खेल देखे हैं, लेकिन जीवन में इतनी बड़ी संख्या में शतरंज खिलाड़ियों को एकसाथ पहली बार खेलते हुए देख रहा हूं।

इससे पहले सहाराश्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और फिर शतरंज की चाल चलकर टूर्नामेंट की शुरुआत की। इस मौके पर आयोजन समिति ने सहाराश्री को प्रतीक चिह्न और  शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

18वें दिल्ली इंटरनेशनल ओपन ग्रैंड मास्टर्स चेस टूर्नामेंट-2020 के उद्घाटन समारोह में सहारा इंडिया परिवार के प्रबंध कार्यकर्ता एवं चेयरमैन सहाराश्री सुब्रत रॉय सहारा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करते दिल्ली चेस फेडरेशन के सचिव अजित के वर्मा, आयोजन समिति के अध्यक्ष भरत सिंह चौहान।आयोजन समिति के अध्यक्ष भारत सिंह चौहान, सचिव एके वर्मा, मैक्स बूपा के पार्था बनर्जी, जीएसटी आयुक्त एमएम गोविल ने खेलों को बढ़ावा देने और शतरंज से जुड़ने के लिए सहाराश्री की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

यह टूर्नामेंट 16 जनवरी तक चलेगा।

इस दौरान 37 देशों समेत सभी राज्यों के करीब 3000 खिलाड़ी विभिन्न श्रेणी में भाग ले रहे हैं।

इन खिलाड़ियों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल हैं।

सहाराश्री ने कॉमनवेल्थ चैम्पियन ग्रैंड मास्टर अभिजीत गुप्ता के साथ भी शतरंज की एक चाल खेली।

इससे पहले उन्होंने एक स्कूली छात्रा के साथ भी शतरंज खेला।  इस पूरे टूर्नामेंट में एक करोड़ 11 लाख रुपए की राशि विजेताओं के बीच वितरित की जाएगी।

आयोजकों ने कहा कि अगले वर्ष पुरस्कार की राशि 1.25 करोड़ रुपए कर दी जाएगी।

इस प्रतियोगिता में 37 ग्रैंड मास्टर और 22 अंतरराष्ट्रीय मास्टर, जिनमें तीन ग्रैंड मास्टर खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment