CM योगी से परिवार सहित मिले अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला

Last Updated 25 Aug 2025 04:34:22 PM IST

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के सफल मिशन के बाद सोमवार को अपने गृह नगर लखनऊ आए भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने परिवार के साथ मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी।


मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर ऐतिहासिक ‘एक्सिओम-4’ मिशन के सफलतापूर्वक संचालन एवं अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से कुशल वापसी के बाद देश के सपूत शुभांशु शुक्ला जी ने शिष्टाचार भेंट की।

योगी से मुलाकात के समय अंतरिक्ष यात्री एवं ग्रुप कैप्टन शुक्ला के साथ उनकी पत्नी कामना और पुत्र कियाश भी मौजूद थे।

इसके पहले अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के सफल मिशन के बाद, भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला सोमवार सुबह लगभग नौ बजे अपने गृह नगर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया।

इसके बाद एक काफिले के साथ वह सिटी मांटेसरी स्कूल (सीएमएस) के गोमतीनगर विस्तार शाखा में पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। शुभांशु ने सिटी मांटेसरी स्कूल से पढ़ाई की थी।

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 25 जून को फ्लोरिडा से प्रक्षेपित हुए ‘एक्सिओम-4’ मिशन का हिस्सा थे। वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री था। वह राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं।

अपने 18 दिवसीय मिशन के दौरान उन्होंने 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग किए और 20 ‘आउटरीच’ सत्रों में भाग लिया। शुक्‍ला 15 जुलाई को अपना मिशन पूरा कर अंतरिक्ष से धरती पर लौटे थे।
 

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment