भाजपा ने मंदिर को बदनाम करने के खिलाफ ‘धर्मस्थल चलो यात्रा’ शुरू की

Last Updated 25 Aug 2025 07:18:05 PM IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दक्षिण बेंगलुरु इकाई के सोमवार को शुरू की गयी ‘धर्मस्थल चलो यात्रा’ में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।


भाजपा ने मंदिर को बदनाम करने के खिलाफ ‘धर्मस्थल चलो यात्रा’ शुरू की

यात्रा में शामिल लोगों ने ‘धर्मदा उल्लिविगे धर्म युद्ध’ (धर्म की रक्षा के लिए एक पवित्र युद्ध) के बैनर तले धर्मस्थल की ओर प्रस्थान किया।

जयनगर के विधायक सी. के. राममूर्ति के नेतृत्व में यह यात्रा जयनगर के चौथे ब्लॉक में श्री विनायक मंदिर में प्रार्थनाओं के साथ शुरू हुई।

बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या और बसवानगुड़ी के विधायक रवि सुब्रमण्य ने हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा को रवाना किया।

सूर्या ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज लिंक रोड जंक्शन, एनआईसीई रोड पर भाजपा की बेंगलुरु दक्षिण इकाई की धर्मस्थल चलो यात्रा में भाग लिया। सम्मानित आध्यात्मिक केंद्र श्री क्षेत्र धर्मस्थल हमारी भूमि का गौरव है जो अब संगठित साजिश का शिकार हो रहा है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा धर्मस्थल जैसे पवित्र मंदिर के खिलाफ फैलाए जा रहे दुष्प्रचार की स्पष्ट रूप से निंदा करती है।

सूर्या ने कहा, ‘‘हम मंदिर और उसके प्रशासन के खिलाफ रची गई बड़ी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए सीबीआई जांच की मांग करते हैं। इस शुरुआत के दौरान हमारे साथ हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।’’

भाजपा की बेंगलुरु दक्षिण जिला इकाई के उपाध्यक्ष उमेश शेट्टी भी इसमें शामिल हुए।

दक्षिण कन्नड़ जिले के धर्मस्थल पहुंचने के बाद नेताओं का एक किलोमीटर पैदल चलकर भगवान मंजूनाथ स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना करने और मंदिर के धर्माधिकारी वीरेंद्र हेगड़े से मुलाकात करने का कार्यक्रम है।

यह यात्रा उस विवाद के बीच हो रही है जिसमें एक शिकायतकर्ता सी एन चिन्नैया ने यह दावा किया कि ‘धर्मस्थल’ में कुछ समय से यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं सहित अनेक शवों को दफनाया गया। इस दावे का निहितार्थ स्थानीय मंदिर प्रबंधकों की ओर इशारा करता है।

भाजपा ने मंदिर को निशाना बनाए जाने का विरोध किया था। उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने भी चेताया थी कि अगर शिकायत झूठी निकली तो कार्रवाई की जाएगी। मंदिर के ‘धर्माधिकारी’ वीरेंद्र हेगड़े ने भी एसआईटी के गठन का स्वागत किया था।

भाषा
बेंगलुरु


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment