हिमंत ने बांग्लादेशियों पर टिप्पणी के लिए कार्यकर्ता सैयदा हमीद की आलोचना की

Last Updated 25 Aug 2025 07:36:14 PM IST

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को मानवाधिकार कार्यकर्ता सैयदा हमीद की "बांग्लादेशी यहां रह सकते हैं" टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना करते हुए कहा कि इस तरह के बयान घुसपैठियों को वैध बनाते हैं और "असम को पाकिस्तान का हिस्सा बनाने के जिन्ना के सपने को साकार करने" की कोशिश करते हैं।


असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दावा किया कि हमीद जैसे लोगों के मौन समर्थन के कारण असमिया लोगों की पहचान विलुप्त होने के कगार पर है। मुख्यमंत्री ने मानवाधिकार कार्यकर्ता को गांधी परिवार का करीबी विश्वासपात्र बताया। 

रविवार को यहां एक बैठक के बाद हमीद की टिप्पणी की एक क्लिप साझा करते हुए, शर्मा ने ‘एक्स’ पर कहा, "गांधी परिवार की करीबी विश्वासपात्र सैयदा हमीद जैसे लोग घुसपैठियों को वैध ठहराते हैं, क्योंकि वे असम को पाकिस्तान का हिस्सा बनाने के जिन्ना के सपने को साकार करना चाहते हैं।"

उन्होंने महान अहोम सेनापति का जिक्र करते हुए कहा, "आज असमिया पहचान उनके जैसे लोगों के मौन समर्थन के कारण विलुप्त होने के कगार पर है। लेकिन हम लाचित बरफुकन के बेटे और बेटियां हैं, हम अपने राज्य और अपनी पहचान को बचाने के लिए अपने खून की आखिरी बूंद तक लड़ेंगे।"

योजना आयोग की पूर्व सदस्य हमीद रविवार को यहां नागरिक मंच - असम नागरिक सम्मेलन द्वारा आयोजित 'असम के विशेष संदर्भ में राष्ट्र की स्थिति' विषय पर एक संगोष्ठी में शिरकत करने आई थी।

शर्मा द्वारा साझा किए गए 33 सेकंड की क्लिप में, हमीद ने असम में मुसलमानों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की और कहा कि उन्हें अक्सर 'बांग्लादेशी' कहकर संबोधित किया जाता है। उन्होंने कहा, "बांग्लादेशी होने में क्या गुनाह है? बांग्लादेशी भी इंसान हैं। दुनिया इतनी बड़ी है। बांग्लादेशी भी यहां रह सकते हैं; वे किसी को उसके अधिकारों से वंचित नहीं कर रहे हैं।"

हमीद ने कहा कि अल्लाह ने दुनिया को इंसानों के लिए बनाया है, हैवानों के लिए नहीं बनाया है। उन्होंने सवाल किया, "अगर कोई व्यक्ति इस धरती पर खड़ा है, तो उसे इतनी बुरी तरह से क्यों खदेड़ा जा रहा है।"

शर्मा ने कहा कि "बांग्लादेशियों का असम में स्वागत नहीं है, यह उनकी भूमि नहीं है।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "जो कोई भी उनके साथ सहानुभूति रखता है, वह उन्हें अपने घर में जगह दे सकता है। असम घुसपैठियों के लिए नहीं है, न अभी है न कभी होगा।"

हमीद की टिप्पणियों के साथ, शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के साथ विभिन्न मंचों पर ली गई उनकी तस्वीरें भी साझा कीं।

भाषा
गुवाहाटी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment