गौतमबुद्धनगर में 46 नए मामले

Last Updated 19 May 2020 12:23:05 AM IST

कोरोना वायरस के संक्रमण के लिए हॉट स्पॉट बन चुके गौतमबुद्धनगर में स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। सोमवार को कोरोना बम फूट गया। एक दिन में 46 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले।


गौतमबुद्धनगर में 46 नए मामले

कोरोना संक्रमित मरीजों में मोबाइल निर्माता ओप्पो, वीवो व जी मीडिया के कर्मचारी समेत अन्य लोग शामिल हैं। जिला प्रशासन ने तीनों कंपनियों के परिसर को सील कर दिया है। मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोरोना बम फूटने से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। इनमें 31 लोग नोएडा और ग्रेटर नोएडा जबकि 15 लोग गाजियाबाद, फरीदाबाद और दिल्ली के  रहने वाले हैं।

गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईकोटेक-7 स्थित ओप्पो कंपनी ने अपने 3321 कर्मचारियों का टेस्ट गुरुग्राम के एक लैब में कराया था। कंपनी ने 1581 कर्मचारियों की रिपोर्ट गौतमबुद्धनगर के स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दी है, जिसमें 9 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। आठ मरीज गौतमबुद्धनगर के रहने वाले हैं, जबकि एक मरीज गाजियाबाद का रहने वाला है। पॉजिटिव पाए गए मरीजों को अस्पताल में भर्ती करा प्रशासन ने कंपनी परिसर को सील कर दिया है। ओप्पो कंपनी में एक सप्ताह पहले ही दोबारा से काम शुरू हुआ था। वहीं जी मीडिया के नोएडा सेक्टर-16ए ऑफिस में बीते 15 मई को कोरोना पॉजिटिव मिले कर्मचारी के संपर्क में आए जी मीडिया के 15 और कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। सभी 15 कर्मचारी गौतमबुद्धनगर के रहने वाले हैं।

जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 15 मई को कोरोना संक्रमित पाए गए जी मीडिया के संपर्क में आए 13 लोग और कोरोना की चपेट में आ गए हैं, जो दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद के रहने वाले हैं। प्रशासन ने जी मीडिया के उस परिसर को सील कर दिया है, जहां पर कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा वीवो कंपनी के दो कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
 कंपनी ने अपने 18 कर्मचारियों का टेस्ट गुरुग्राम हरियाणा में कराया था, जिसमें 16 कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कंपनी को तत्काल सील कर दिया गया है। नोएडा सेक्टर-5 हरौला गांव में भी कोरोना के 5 केस मिले हैं। नोएडा सेक्टर-78 की रहने वाली 40 वर्षीय एक महिला भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। महिला का पति दिल्ली में काम करता है।  नोएडा के सेक्टर- 47 स्थित जलवायु टॉवर्स में रहने वाले एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। कोरोना के केस बढ़ने पर प्रशासन ने नोएडा-दिल्ली बार्डर को सील कर दिया है। पासधारकों के अलावा अन्य लोगों के आने जाने पर रोक लगा दी है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment