लॉकडाउन-4 : पहले ही दिन डीएनडी पर लगा लंबा जाम

Last Updated 19 May 2020 12:27:59 AM IST

लॉकडाउन-4 के पहले ही दिन डीएनडी टोल प्लाजा पर ट्रैफिक जाम लग गया। बड़ी संख्या में शहर की सड़कों पर वाहन उतर गए।


नोएडा-डीएनडी पर लॉकडाउन-4 के चलते वाहनों की लगी लंबी लाइन। वाहनों की जांच करती पुलिस। फोटो : एसएनबी

इससे दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भीषण जाम देखने को मिला। सैकड़ों वाहन चालक दिल्ली-नोएडा बॉर्डर (डीएनडी) पर ट्रैफिक जाम में फंस गए। हालात संभालने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिस को तैनात किया गया। दरअसल, बिना आधिकारिक पास के पुलिस वाहनों को नोएडा में प्रवेश नहीं करने दे रही है।
लॉकडाउन-4 के पहले दिन दिल्ली से नोएडा और नोएडा से दिल्ली जाने वालों की भीड़ डीएनडी टोल प्लाजा पर लग गई। बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन डीएनडी पर पहुंच गए। गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने दिल्ली से सटे सभी बॉर्डर सील कर रखे हैं। ऐसे में लॉकडाउन-4 के पहले दिन बॉर्डर पर भारी संख्या में वाहन पहुंच गए। सूचना पाकर पहुंची ट्रैफिक पुलिस एक-एक वाहन चालक से नोएडा आने की जानकारी ले रही थी।

पास वालों को ही ट्रैफिक पुलिस ने दी नोएडा में एंट्री : डीएनडी टोल प्लाजा में जिन वाहन चालकों के पास एंट्री पास था और जो वाहन चालक अति आवश्यक वस्तुओं को लेकर आ रहे थे उन्हें ही ट्रैफिक पुलिस नोएडा में प्रवेश करने की अनुमति दे रही थी। करीब 10 दिन से डीएनडी पर रोजाना ट्रैफिक जाम लग रहा है। ट्रैफिक पुलिस को हालात संभालने के लिए दिनभर कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी बिना पास दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश करने वालों के चलते हो रही है। इसी तरह दिल्ली से नोएडा की ओर बिना इजाजत लिए वाहन चालक शहर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस से हो रही सबसे ज्यादा नोएडा पुलिस को परेशानी : ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली पुलिस के रवैए को देखकर हो रही है। दिल्ली पुलिस नोएडा की ओर आने वाले वाहनों की अच्छी तरह जांच पड़ताल नहीं कर रही है। वहां से बिना पास वाहन चालक सीधे नोएडा बॉर्डर पहुंच जाते हैं। जिन्हें नोएडा पुलिस उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने की इजाजत नहीं देती। इसके चलते डीएनडी समेत दिल्ली से नोएडा आने वाले सभी बॉर्डरों पर भारी जाम लग रहा है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नोएडा/नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment