‘साइकिल’ पर पूनम, राजनाथ को देंगी टक्कर

Last Updated 17 Apr 2019 06:21:44 AM IST

भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए अभिनेता-सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा ने सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।


सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और अध्यक्ष अखिलेश की पत्नी डिम्पल यादव की मौजूदगी में पूनम सिन्हा ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। फोटो : प्रेट्र

वह लखनऊ संसदीय सीट से सपा-बसपा गठबंधन की उम्मीदवार हो सकती हैं। सपा के ट्विटर हैंडल पर जारी पोस्ट के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने पूनम सिन्हा को सपा की सदस्यता दिलाई। इससे पहले पूनम सिन्हा ने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव से आशीर्वाद लिया।

पूनम के सपा में शामिल होने के बाद अब लखनऊ से उनके गठबंधन का उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है। माना जा रहा है कि यहां से कांग्रेस कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी।  पार्टी सूत्रों के अनुसार श्रीमती सिन्हा 18 अप्रैल की सुबह नामांकन करेंगी।

शत्रुघ्न सिन्हा ने पिछले दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान पूनम के लिए लोकसभा का टिकट मांगा था। सपा चाहती थी कि पहले शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस में शामिल हो जाएं ताकि लखनऊ  सीट से विपक्ष का एक साझा उम्मीदवार मैदान में हो।

कांग्रेस ने सपा-बसपा गठबंधन के लिए सात सीटें छोड़ने की बात कही है। लखनऊ सीट उनमें से एक होगी। विपक्ष लखनऊ सीट पर राजनाथ को कड़ी चुनौती देना चाहता है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment