राजस्थान: करौली में पुजारी की जलाकर हत्या, 1 गिरफ्तार; वसुंधरा ने गहलोत सरकार पर साधा निशाना

Last Updated 09 Oct 2020 01:37:00 PM IST

राजस्थान में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मंदिर के 50 वर्षीय पुजारी को राज्य के करौली में छह दबंगों द्वारा पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। उसने मंदिर अधिकारियों की जमीन पर अतिक्रमण करने के प्रयास का विरोध किया था, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।


वसुंधरा राजे ने पुजारी की हत्या की कड़ी निंदा की (फाइल फोटो)

उसने मंदिर अधिकारियों की जमीन पर अतिक्रमण करने के प्रयास का विरोध किया था, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बुरी तरह जले पुजारी ने एसएमएस अस्पताल में गुरुवार शाम को दम तोड़ दिया।

करौली के एसपी मृदुल कच्छवा के अनुसार, पुलिस ने बुकना गांव में हुए अपराध के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुजारी बाबूलाल वैष्णव ने अपने बयान में कहा कि वह और उनका परिवार गांव में राधा कृष्ण मंदिर की देखरेख कर रहे थे और मंदिर के नाम पर आवंटित भूमि का उपयोग उनके द्वारा खेती के लिए किया जा रहा था।

गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे आरोपी कैलाश कुछ लोगों के साथ आया और जमीन पर टिन शेड लगाने लगा। जब वैष्णव ने विरोध किया, तो उन्होंने उस पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।

अपराध की गंभीरता को देखते हुए, एसपी ने टीमों का गठन किया है और अपराधियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन इस मामले में अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए उनकी तलाश की जा रही है।

अपनी प्राथमिकी में पुजारी के भतीजे ने कहा कि छह लोग इस अपराध में शामिल हैं, जिन्होंने पुजारी को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने करौली जिले के सपोटरा क्षेत्र में मंदिर के पुजारी की जलाकर हत्या कर देने के मामले की कड़ी निंदा की है। वसुंधरा राजे ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अब अपनी गहरी नींद को त्यागकर दोषियों को सख्त सजा दिलाकर पीड़ित परिवार को तुरंत न्याय दिलाना चाहिए।

राजे ने आज सोशल मीडिया के जरिए कहा कि करौली जिले में पुजारी को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार देने के मामले की जितनी निंदा की जाए, जितना दुःख जताया जाए, कम है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में अपराध का ग्राफ जिस गति से बढ़ रहा है, उससे एक बात तो स्पष्ट है कि यहां महिलाएं, बच्चे, बूढ़े, दलित, व्यापारी कोई भी सुरक्षित नहीं है। राज्य की कांग्रेस सरकार को अब अपनी गहरी नींद को त्यागते हुए दोषियों को सख्त सजा दिलाकर परिवार को तुरंत न्याय दिलाना चाहिए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश में हर तरह के अपराधों की घटनाएं बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा “सपोटरा में मंदिर के पुजारी को जिंदा जलाने की घटना यह दर्शाती है कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है। प्रदेश की जनता भयभीत है, डरी हुई है, सहमी हुई है, आखिर गहलोतजी आप कब तक अपराधियों के मसीहा बनकर रहोगे।

प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राम लाल शर्मा ने कहा कि इस घटना ने राज्य में कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। शर्मा ने कहा कि इससे लगता हैं अब प्रदेश में कानून का राज नहीं, जंगल राज हो गया है। राज्य सरकार ने समय रहते गंभीरता नहीं बरती तो प्रदेश में विस्फोटक स्थिति बन जायेगी। उन्होंने कहा प्रदेश महिला अत्याचार में तो पहले स्थान पर पहुंच गया हैं और अन्य आपराधिक मामलें भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
 

वार्ता/आईएएनएस
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment