छत्तीसगढ़ : भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए मतगणना जारी, शुरुआती रूझान में कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी आगे

Last Updated 08 Dec 2022 10:45:04 AM IST

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस की प्रत्याशी सावित्री मंडावी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ब्रह्मानंद नेताम से 14 हजार से अधिक मतों से आगे चल रही हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।


अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज सिंह मंडावी के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना अनिवार्य हो गया था। उपचुनाव के लिए मतदान पांच दिसंबर को हुआ था, जिसमें 71.74 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस सीट पर सात उम्मीदवार मैदान में हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए शहर के भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू की गई। नौ राउंड तक की गिनती में कांग्रेस प्रत्याशी मंडावी ने भाजपा के नेताम पर 14,418 मतों की बढ़त बना ली है। मंडावी को 30,196 और नेताम को 15,778 मत प्राप्त हो चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मतगणना कक्ष में 14 मेज लगाई गई हैं और मतगणना की प्रक्रिया 19 चरण में पूरी होगी। ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) में दर्ज मतों की अंतिम चरण की गिनती के बाद पांच मतदान केंद्रों का बिना किसी निश्चित क्रम के चयन कर वोटों का मिलान ‘वीवीपैट पर्ची’ से किया जाएगा।

इस साल 16 अक्टूबर को दिल का दौरा पड़ने से कांग्रेस विधायक मंडावी का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से रिक्त हुई भानुप्रतापपुर सीट के लिए पांच दिसंबर को मतदान हुआ था। कांग्रेस ने दिवंगत विधायक की पत्नी सावित्री मंडावी को चुनाव मैदान में उतारा था, जबकि पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम भाजपा के उम्मीदवार थे।

वहीं, बस्तर में आदिवासी समुदाय की संस्था सर्व आदिवासी समाज ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी अकबर राम कोर्रम पर भरोसा जताया था। शुरुआती रुझानों में कोर्राम दूसरे नंबर पर थे, लेकिन अब वह भाजपा प्रत्याशी से पिछड़ गए हैं। कोर्राम को 15,227 मत प्राप्त हो चुके हैं।

छत्तीसगढ़ में 2018 में बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद चार उपचुनाव हो चुके हैं और सभी में कांग्रेस की जीत हुई है।

90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा में फिलहाल कांग्रेस के 70, भाजपा के 14, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के तीन और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो विधायक हैं। वहीं, एक सीट रिक्त है।

 

भाषा
कांकेर (छत्तीसगढ़)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment