चंडीगढ़ : MMS कांड की जांच SIT को
पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में एक छात्रा द्वारा शौचालय में कई छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने के आरोपों की जांच के लिए सोमवार को तीन सदस्यीय एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया, जिसकी सभी सदस्य महिला हैं।
![]() चंडीगढ़ : MMS कांड की जांच SIT को |
पुलिस ने बताया कि भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी गुरप्रीत कौर देव की निगरानी में एसआईटी का गठन किया गया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि टीम मामले की गहन जांच करेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, जांच पूरी गति से चल रही है।
इस मुद्दे को लेकर पंजाब के मोहाली में शनिवार रात विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन हुए थे। कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि छात्रा द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो लीक भी हो गए हैं। उन्होंने वार्डन पर बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया।
हालांकि, विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने इन आरोपों को गलत और निराधार बताते हुए खारिज किया है। पुलिस ने यह भी कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि वीडियो बनाने वाली छात्रा ने अपने 23 वर्षीय प्रेमी के साथ केवल अपना एक वीडियो साझा किया तथा किसी अन्य छात्रा का कोई आपत्तिजनक वीडियो नहीं मिला।
इसने कहा कि संबंधित छात्रा को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया गया जबकि उसके कथित प्रेमी को रविवार को हिमाचल प्रदेश से पकड़ा गया। पुलिस ने कहा कि रविवार शाम पर्वतीय राज्य से 31 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया और इसके बाद दोनों को पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शील सोनी ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के आश्वासन के बाद, छात्रों ने बीती रात लगभग डेढ़ बजे अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
| Tweet![]() |