बंगाल में पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा पर चुनाव प्रचार के दौरान हमला

Last Updated 30 Mar 2021 08:04:48 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार अशोक डिंडा पर मोयना में कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया।


पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार अशोक डिंडा पर मोयना में हमला कर दिया।

पूर्व क्रिकेटर एवं पश्चिम बंगाल के पूरब मेदिनीपुर में मोयना विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अशोक डिंडा पर मंगलवार को चुनाव प्रचार के दौरान कथित तौर पर हमला किया गया। उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन से इस बारे में एक रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा, ‘‘डिंडा पर हुए हमले के सिलसिले में फौरन रिपोर्ट देने को कहा गया है।’’

भाजपा उम्मीदवार के मैनेजर ने बताया कि डिंडा रोड शो कर लौट रहे थे, तभी शाम करीब साढे चार बजे उनकी एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) पर लाठी और सरिया से लैस सौ से भी अधिक गुंडों ने हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि वाहन पर पथराव भी किया गया, जिसमें पूर्व क्रिकेटर के कंधे पर चोट आई है।

डिंडा के मैनेजर ने कहा, ‘‘यह घटना मोयना बाजार के सामने हुई, जब हम रोड शो से लौट रहे थे। वहां तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय गुंडे शाहजहां अली ने अन्य करीब सौ भी अधिक लोगों के साथ मिल कर लाठी, सरिया और ईंट से हमला किया।’’

हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि यह हमला भाजपा में अंदरूनी कलह का एक परिणाम है।

तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अखिल गिरि ने कहा, ‘‘भाजपा के पुराने लोग डिंडा को पार्टी से उम्मीदवार के तौर पर स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए उन्होंने उन पर हमला किया। तृणमूल कांग्रेस का इस घटना से कोई लेना देना नहीं है।’’

भाषा
मोयना (पश्चिम बंगाल)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment