भ्रष्टाचार पर अकुंश लगाने से हुई बचत को सरकार मुफ्त सुविधाओं पर कर रही खर्च : केजरीवाल

Last Updated 17 Feb 2022 05:11:39 AM IST

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार कर अंकुश लगाकर बचाए गए बजट से दिल्लीवासियों को मुफ्त सुविधाएं दे रही है।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

उन्होंने दावा किया कि मधुबन चौक से मुकरबा चौक तक के कॉरिडोर के निर्माण से सरकार ने 125 करोड़ रुपए बचाए। 2015 से अब तक सरकार ने कुल 27 फ्लाईओवर बनाए हैं और 13 फ्लाईओवर निर्माणाधीन हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने निर्माण कार्यों को अनुमानित लागत से ही कम में पूरा किया है और जो राशि बचाई, उसे आम जनता को पानी, बिजली एवं परिवहन जैसी मुफ्त सुविधाओं पर खर्च किया जा रहा है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी अपने दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे कर चुकी है। उनकी सरकार ने कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इसके साथ ही भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर आम आदमी को मंत्रियों जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने जब से कमान संभाली है। सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया है। 2015 से अब तक दिल्ली में 34 फुटओवर ब्रिज बनाए हैं, जबकि 13 एफओबी निर्माणाधीन हैं। इसी के साथ 27 फ्लाईओवर बनाए गए हैं और 7 फ्लाईओवर निर्माणाधीन हैं। सरकार ने कई प्रोजेक्टों की एक सूची भी जारी की है, जिन्हें अनुमानित लागत से भी कम बजट में पूरा करने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि मधुबन चौक से मुकरबा चौक कॉरिडोर की अनुमानित लागत 422 करोड़ रुपए रखी गई थी। सभी को समय से पहले सरकार ने केवल 297 करोड़ रुपए में पूरा किया। मंगोलपुरी से मधुबन चौक फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की अनुमानित लागत 423 करोड़ रुपए रखी गई थी, जिसे सरकार ने केवल 323 करोड़ रुपए में पूरा कर लिया। इसमें भी सरकार को करीब 100 करोड़ रुपए की बचत हुई।

उन्होंने बताया कि विकासपुरी से मीरा बाग एलिवेटेड कॉरिडोर की लागत 560 करोड़ रुपए थी, जिसे 460 करोड़ रुपए में पूरा करके करीब 100 करोड़ रुपए की बचत की गई। प्रेमबाड़ी पुल से आजादपुर के लिए 247 करोड़ रुपए की लागत से कॉरिडोर बनाया जाना था। सरकार ने इसे 137 करोड़ रुपए में पूरा करके 110 करोड़ रुपए की बचत की। इसी तरह पूर्वी दिल्ली के व्यस्ततम इलाकों में से एक शास्त्रीपार्क और सीलमपुर में बने फ्लाईओवर का कार्य सरकार ने 303 करोड़ रुपए के बजाए 250 करोड़ रुपए में पूरा कर लिया।

पूर्वी दिल्ली के ही जगतपुरी इलाके में रोड पर बनाए गए 80 करोड़ की अनुमानित लागत के फ्लाईओवर को 72 करोड़ रुपए में पूरा किया। इसमें सरकार को करीब 8 करोड़ रुपए की बचत हुई। भलस्वां फ्लाईओवर के निर्माण में करीब 20 करोड़ रुपए, बुराड़ी फ्लाईओवर के निर्माण में 15 करोड़ रुपए, मुकुंदपुर चौक फ्लाईओवर में 12 करोड़ रुपए और मयूर विहार के पास बने फ्लाईओवर के निर्माण में करीब 5 करोड़ रुपए सरकार ने बचाए।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment