16 साल का रिकॉर्ड टूटा पारा सबसे निचले स्तर पर

Last Updated 17 Dec 2019 02:45:26 AM IST

राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान ने 16 वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस सीजन में पहली बार पाला भी पड़ा। पूर्वाहन लगभग 11 बजे तक फुहारें पड़ने का अहसास होता रहा।


16 साल का रिकॉर्ड टूटा पारा सबसे निचले स्तर पर (प्रतिकात्मक फोटो)

मौसम का यह रुख अभी ऐसे ही रहने के आसार हैं। आज अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया, जो सामान्य से 10 डिग्री कम है। इससे पहले 25 दिसम्बर 2003 को अधिकतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। आज का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर महज 2.7 डिग्री सेल्सियस का रह गया। हवा में नमी का स्तर 88 से सौ प्रतिशत दर्ज किया गया। धूप के आज दिनभर दर्शन नहीं हुए।

मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकल जाने के पश्चात अब उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवा उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में चलने लगी हैं। दिल्ली-एनसीआर में 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चल रही हैं। राजधानी समेत हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान में घने कोहरे की शुरुआत भी हो चुकी है। आज भी दिल्ली-एनसीआर में मध्यम कोहरा छाया रहा। इस सर्दियों के सीजन में ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है जब पंजाब से लेकर हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के उत्तरी इलाकों और दिल्ली समेत उत्तर भारत के सभी मैदानी इलाकों के आसमान पर धुंध बनी हुई है।

मौसम विभाग ने बताया कि शीतलहर से दो दिनों तक राजधानीवासियों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 14 और बुधवार को 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। इसके बाद यह बढ़कर 18 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment