MP: कांग्रेस पुराने वीडियो के सहारे तो आप को दिल्ली सरकार का आसरा

Last Updated 06 Nov 2018 01:01:45 PM IST

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस जहां सोशल मीडिया पर भाजपा से जुड़े नेताओं के विवादित वीडियो जारी कर रही है, वहीं आम आदमी पार्टी दिल्ली सरकार की उपलब्धियां बताकर चुनावी रण में फतह हासिल करने की कोशिश में है।


सत्तारूढ़ भाजपा अपने फेसबुक और ट्विटर हैंडल से लगातार सरकार की उपलब्धियां प्रचारित कर रही है। इसके अलावा भाजपा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को भी माध्यम बना रही है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कथित तौर पर प्रदेश के मंत्रियों कुसुम महदेले और ओमप्रकाश धुर्वे समेत सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के विवादित वीडियो जारी किए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा का यही असली चेहरा है।

इन वीडियो में कथित तौर पर महदेले एक बच्चे को पैर मारकर दूर करते हुए, धुर्वे एक बच्चे के साथ और चौहान एक टोलनाके के कर्मचारियों के साथ दुर्व्‍यवहार करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कांग्रेस की ओर से जारी इस प्रकार की पुरानी सामग्री पर हमला बोलते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के भी ऐसे बहुत से वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं, लेकिन भाजपा इस प्रकार की राजनीति नहीं करती। भाजपा सोशल मीडिया से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है, इसलिए वह ऐसे ओछे हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष डॉ भूपेंद्र गुप्ता ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा जब 100 साल पुरानी बातों को दोहरा सकती है, तो कांग्रेस का तीन-चार साल पुराने ऐसे मामले जनता के सामने लाना कोई बुरी बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से जारी विकास के आंकड़े भी फर्जी हैं।

दूसरी ओर प्रदेश में पहली बार चुनावी रण में उतर रही आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट पर ज्यादातर दिल्ली सरकार और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के संबोधनों और उपलब्धियों को ही पेश किया गया है।

इस पर पार्टी के प्रदेश संयोजक और मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी आलोक अग्रवाल ने कहा कि पार्टी के पास दिल्ली सरकार का मॉडल है, जिसे वो प्रदेश की जनता तक पहुंचा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश की जनता भाजपा के शासन से आजिज आ चुकी है और इसलिए आप पार्टी उनके सामने दिल्ली की तर्ज पर विकास मॉडल पेश कर रही है।
 

वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment