स्मार्ट सिटी परियोजना का कार्य आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन

Last Updated 06 Nov 2018 12:29:00 PM IST

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद यहां खेल और युवा कल्याण विभाग के संचालनालय परिसर (टीटीनगर स्टेडियम) के सामने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत निर्माण को कांग्रेस ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।


जे पी धनोपिया (फाइल फोटो)

प्रदेश कांग्रेस की ओर से इस संबंध में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को की गयी शिकायत में निर्माण कार्य तत्काल रोकने और दोषी अधिकारियों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी है।

इसमें आरोप लगाया गया है कि स्मार्ट सिटी परियोजना की ओर से टीटीनगर स्टेडियम के मुख्य द्वार के सामने पार्किंग के स्थल पर हाटबाजार का निर्माण किया जा रहा है। यह निर्माण कार्य मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से है और इसके जरिए आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन भी हो रहा है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता और निर्वाचन संबंधी कार्य के प्रभारी जे पी धनोपिया ने आज बताया कि इस संबंध में रविवार को शिकायत की गयी है और इसकी प्रतिलिपि देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय को भी भेजी गयी है।

उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य पर कांग्रेस ने तत्काल रोक लगाने की मांग की है और इस पर तुरंत कार्रवाई होना चाहिए। इस कार्य से मतदाताओं को सत्तारूढ़ दल के पक्ष में करने का कार्य किया जा रहा है।

टीटीनगर स्टेडियम राज्य का ही नहीं, मध्य भारत क्षेत्र का प्रमुख खेल केंद्र हैं। स्टेडियम परिसर में संचालनालय के अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों से चयनित लगभग चार सौ खिलाड़ी निवास कर खेलों का अभ्यास करते हैं। इस परिसर में जूडो, कराटे, बॉक्सिंग, टेनिस, बैडमिंटन समेत विभिन्न खेलों की अकादमियां स्थित हैं और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी यहां तैयार किए जाते हैं।

स्टेडियम के मुख्य द्वार के सामने कुछ दिनों पहले काम शुरू होने के बाद विवाद की स्थिति बन गयी और विभिन्न खेल संगठनों ने इस निर्माण कार्य का विरोध जताते हुए प्रदर्शन भी किया था।

खेल संगठनों के प्रतिनिधियों की मांग है कि स्टेडियम के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए वर्तमान योजना के अनुरूप निर्माण कार्य रोका जाना चाहिए।

 

वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment