'दिग्विजय से टकराव' पर बोले सिंधिया, ये खबरें झूठी और निराधार

Last Updated 02 Nov 2018 10:20:39 AM IST

मध्य प्रदेश कांग्रेस के दोनों दिग्गज नेताओं, दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई बैठक में टिकटों के वितरण को लेकर आपसी टकराव से जुड़ी खबरों को खारिज कर दिया है।




ज्योतिरादित्य सिंधिया (फाइल फोटो)

सिंधिया ने कल देर रात इस बारे में ट्वीट करते हुए कहा कि मीडिया में उनके और सिंह के बीच आ रही बहस की खबरें निराधार और झूठी हैं। कांग्रेस के सभी लोग एक होकर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं इसके पहले सिंह ने भी कल देर शाम ट्वीट के जरिए अपना स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया में इस बात की गलत खबर चलायी जा रही है कि उनके और सिंधिया के बीच बहस हुयी और राहुल गांधी को इसमें हस्तक्षेप करना पड़ा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में हम सभी एक हैं और राज्य की भ्रष्ट भाजपा सरकार को पराजित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

दरअसल, सोशल मीडिया और राजनैतिक गलियारों में कल दिन भर यह खबर चलती रहीं कि दिल्ली में दो दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निवास पर आयोजित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में टिकट वितरण को लेकर इन दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई थी। मामला शांत करने के लिए राहुल गांधी को हस्तक्षेप करना पड़ा। खबरों में यह भी कहा गया कि इसी विवाद के बाद राहुल गांधी ने टिकट वितरण से जुड़े कार्यों को अंतिम रूप देने के लिए तीन सदस्यीय एक समिति बनाई।

विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की कल पहली सूची जारी होने की संभावना थी, लेकिन इसे टाल दिया गया। उम्मीद है कि एक दो दिन में पहली सूची जारी हो जाएगी।

वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment