हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए राहत सामग्री से लदे 20 ट्रकों को यहां से रवाना किया।

|
ये ट्रक विभिन्न जिलों के लिए भेजे गए हैं। इन ट्रकों में दाल, चावल, पानी, जूस, अचार, चिकित्सीय सामान, मच्छरदानी, तिरपाल, पशुओं के लिए हरा चारा, भूसा और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री रखी गयी है।
सैनी ने बताया कि पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लोग बाढ़ से गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। हरियाणा के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और अन्य निकायों के सहयोग से इन क्षेत्रों में राहत सामग्री भेजी जा रही है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर को तत्काल सहायता के रूप में पांच-पांच करोड़ रुपये दिए हैं।
केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को 3,100 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की है, जिसमें पंजाब के लिए 1,600 करोड़ और हिमाचल प्रदेश के लिए 1,500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।
सैनी ने बताया कि हरियाणा में जलभराव वाले क्षेत्रों में नागरिकों और किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरु किया गया है, जिसकी मदद से प्रभावित नागरिक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 5,786 गांवों के 3,24,583 किसानों ने 19,22,617 एकड़ की फसल का नुकसान दर्ज कराया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में जिनकी मौत हुई है, उनके परिजनों को तुरंत चार-चार लाख रुपये दिए जा रहे हैं। इसके अलावा सभी प्रकार के नुकसान के लिए मुआवजा तय किया गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले 10 साल में किसानों को फसल नुकसान के लिए 15,500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है।
सैनी ने राज्य सरकार के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में स्वेच्छा से योगदान करने की अपील की।
| | |
 |