BJP और RSS मेरी छवि धर्म विरोधी बनाने में लगे हैं: राहुल

Last Updated 30 Oct 2018 04:26:37 PM IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोग लंबे समय से उनकी छवि को एक धर्म विशेष के विरुद्ध प्रचारित करने का प्रयास कर रहे हैं।


कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के इंदौर में चुनिन्दा पत्रकारों और संपादकों के साथ संवाद कार्यक्रम शिरकत की। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि उनकी छवि धर्म के विरुद्ध बताते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और आरएसएस के लोग ऐसा जाहिर करते हैं, जैसे एक धर्म विशेष के सारे अधिकार उन्होंने अपने पास सुरक्षित रख लिए हैं। ये लोग धर्म विशेष का स्वयं को ठेकेदार मानते हैं। उन्होंने कहा कि वे हिंदूवादी नेता नहीं हैं। वे सभी वर्गों के और राष्ट्रवादी नेता हैं।
 

राहुल गांधी ने कहा कि वे अपने बारे में स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि वह हिंदुस्तान के किसी एक धर्म के प्रतिनिधि नहीं हैं। इसलिए वे मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे, चर्च और सभी धार्मिक स्थलों पर जाते हैं। राहुल गांधी के मुताबिक उनके धार्मिक स्थल पर जाने पर परंपरा अनुसार पहने जाने वाले वस्त्रों का ये लोग मजाक उड़ाते हैं। लेकिन उन्हें इस सब से कोई फर्क नहीं पड़ता।
 

कांग्रेस अध्यक्ष ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अगर उन्हें मौका मिले तो वे राम मंदिर भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर जाने से कट्टरवाद नहीं, आत्मविश्वास मजबूत होता है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर धर्म, समाज और वर्गों को आपस में बांटने का आरोप लगाते हुये कहा कि वे नफरत की राजनीति करते हैं, जबकि कांग्रेस भाईचारे में विश्वास करती है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राफेल विमान सौदे में सीधे लिप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें उद्योगपति अनिल अंबानी को लाभ पहुंचाया गया है।

कांग्रेस की ओर से मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के तौर पर चेहरा पेश करने संबंधी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह काम वे जनता पर छोड़ते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के राहुल गांधी के मौजूदा दौरे से दूर रहने के संबंध में उन्होंने कहा कि श्री सिंह को पार्टी का एक खास काम सौंपा गया है। हालाकि उन्होंने इस बारे में और बात नहीं कही।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे।

वार्ता
इंदौर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment