नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 2 जवान घायल

Last Updated 10 Jan 2020 04:28:11 PM IST

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो पुलिस जवान घायल हो गए हैं।


(फाइल फोटो)

सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज यहां बताया कि जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में डीआरजी के दो जवान घायल हो गए हैं। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चिंतलनार थाना क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान में डीआरजी के जवानों को रवाना किया गया था। दल जब सुकमा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में था तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में डीआरजी के दो जवान घायल हो गए।     

अधिकारियों ने बताया कि नक्सली हमले के बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की है और क्षेत्र में अब भी रूक-रूक कर गोलीबारी हो रही है।     

उन्होंने बताया कि घटना के बाद अतिरक्त बल को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है और घायल जवानों को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।   

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है।

भाषा
सुकमा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment