Rajya Sabha Election 2024 : UP, हिमाचल और कर्नाटक में सब जगह क्रास वोटिंग, यूपी में BJP ने 8 सीटें जीतीं

Last Updated 28 Feb 2024 06:38:44 AM IST

Rajya Sabha Election 2024 : यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए मंगलवार को हुए मतदान में भाजपा को आठ सीटों पर विजय मिली है। वहीं समाजवादी पार्टी दो सीटों पर जीत सकी। भाजपा की जीत में समाजवादी पार्टी के सात विधायकों की क्रास वोटिंग अहम रही।


यूपी में राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ।

इसके कारण ही सपा के तीसरे प्रत्याशी आलोक रंजन को पराजय मिली। चुनाव में कुल 395 वोट पड़े जबकि एक वोट सपा विधायक शहजिल इस्लाम का अवैध घोषित हुआ। इस वोट को लेकर सपा के एजेंट शिवपाल सिंह यादव और भाजपा के सुरेश खन्ना के बीच विवाद भी हुआ। चुनाव आयोग के पास मसला गया। आपत्तियों को खारिज करने के बाद करीब रात साढ़े सात बजे मतगणना शुरू हो सकी।

विधानसभा की 403 सदस्यीय सदन में चार सीटें रिक्त हैं। ऐसे में राज्यसभा चुनाव के लिए 399 विधायकों को वोट डालना था। तीन विधायक जेल में थे वहीं एक सपा विधायक महाराजी प्रजापति ने वोट नहीं डाला। भाजपा के एक विधायक नीलरत्न सिंह पटेल को वेंटिलेटर सपोर्ट एम्बुलेंस से मतदान के लिए लाया गया। उनका वोट एम्बुलेंस में ही निर्वाचन अधिकारी ने कास्ट कराया।

भाजपा की जीत में उसके 252 विधायकों के साथ अपना दल के 13, निषाद पार्टी के 6, रालोद के 9, सुभासपा के 4 (कुल 6 विधायक में एक जेल में, जगदीश नारायण ने सपा के पक्ष में क्रास किया), जनसत्ता दल लोकतांत्रिक (राजा भैया) के 2, बसपा का एक वोट सहभागी बना।  

दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के पास उसके 108 विधायक थे। इनमें से दो जेल में हैं। मतदान के पूूर्व मुख्य सचेतक पद से भी मनोज पाण्डेय ने इस्तीफा दे दिया और अपना त्यागपत्र पार्टी प्रमुख को भेजा। इसके बाद सपा के विरुद्ध मतदान किया। उनके साथ ही कुल सात विधायकों राकेश प्रताप सिंह, राकेश पाण्डेय, विनोद चतुव्रेदी, पूजा पाल, अभय सिंह, आशुतोष मौर्य ने क्रास कर भाजपा के पक्ष में मतदान किया।

वहीं, महाराजी देवी गैरहाजिर रहीं। सपा विधायक पल्लवी पटेल ने अन्त्वोगत्वा पीडीए के पक्ष में सपा प्रत्याशी को वोट दिया। कांग्रेस दल के नेता सुश्री आराधना मिश्रा मोना और वीरेंद्र चौधरी ने सपा के पक्ष में मतदान किया। मोना ने कहा उनकी पार्टी ने सपा के साथ हुए गठबंधन का धर्म निभाया है। अब समाजवादी पार्टी को इस चुनाव में कुल 101 वोट हासिल हुए।

निर्वाचन अधिकारी बृजभूषण दुबे ने बताया कि भाजपा के अमर पाल मौर्य को 38, तेजवीर सिंह को 38, नवीन जैन को 38, श्रीमती साधना सिंह को 38, डा. सुधांशु त्रिवेदी को 38, डा. संगीता बलवंत को 38 और आरपीएन सिंह को 37 मत मिले। इसके अलावा भाजपा के आठवें प्रत्याशी संजय सेठ को 29 मत मिले। इसी तरह सपा प्रत्याशी जया अमिताभ बच्चन को सर्वाधिक 41 और रामजी लाल सुमन को 40 मत मिले। सपा के तीसरे प्रत्याशी आलोक रंजन को मात्र 19 मतों से संतोष करना पड़ा।

क्रास वोट करने वाले सपा विधायक

मनोज पांडे, राकेश प्रताप सिंह, राकेश पाण्डेय, विनोद चतुर्वेदी, पूजा पाल, अभय सिंह, आशुतोष मौर्या।

हिमाचल में सिंघवी हारे, हर्ष के सिर ताज

‘क्रॉस-वोटिंग’ के बीच भाजपा के उम्मीदवार हर्ष महाजन ने सत्तारूढ़ कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी को पराजित कर हिमाचल में मंगलवार को जीत दर्ज की।

अधिकारियों ने बताया कि मुकाबला 34-34 मतों से बराबरी पर रहा था लेकिन उसके बाद महाजन को ‘ड्रॉ’ के जरिए विजेता घोषित कर दिया गया।

कर्नाटक में कांग्रेस ने तीन और भाजपा ने एक सीट जीती

कर्नाटक में मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने तीन सीट, जबकि भाजपा ने एक सीट जीती।

इस चुनाव में क्रॉस वोटिंग हुई जो भाजपा के लिए एक झटका है। उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए व्यक्तियों में अजय माकन, जी सी चंद्रशेखर और सैयद नासिर हुसैन (सभी कांग्रेस से) और भाजपा के नारायणसा के. भांडगे शामिल हैं।

माकन, हुसैन और भांडगे को 4,700-4,700 वोट और चन्द्रशेखर को 4,500 वोट मिले। रेड्डी को केवल 3,600 वोट मिले और इसलिए वह चुनाव हार गए। 

भाजपा विधायक एस टी सोमशेखर ने माकन के पक्ष में मतदान किया,जबकि पार्टी के एक अन्य विधायक ए शिवराम हेब्बार अनुपस्थित रहे। भाजपा ने कहा कि वह उन पर कानूनी कार्रवाई करने की संभावना तलाश रही है।

समयलाइव डेस्क
लखनऊ/शिमला/बेंगलुरू


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment