वाल्मीकि रामायण के श्लोकों से सजेगा राम चबूतरा

Last Updated 10 Jul 2023 07:33:36 AM IST

अयोध्या (Ayodhya) में निर्माणाधीन राम मंदिर (Ram Mandir) में वाल्मीकि रामायण (Valmiki Ramayana) को चित्रों के माध्यम से सहेजा जा रहा है। वाल्मीकि रामायण के छह काण्ड (बाल से लेकर लंका काण्ड) के प्रमुख 98 श्लोकों को भित्तिचित्रों के माध्यम से निचले राम चबूतरे पर उकेरा जा रहा है।


वाल्मीकि रामायण के श्लोकों से सजेगा राम चबूतरा

राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा जनवरी में करने के लिए अगले 120 दिन में इसके प्रथम चरण के तहत महत्वपूर्ण कार्योंं को पूरा करने पर तेजी से काम जारी है।  श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक सदस्य ने बताया, ‘श्री राम जन्मभूमि मंदिर के प्रथम तल का निर्माण कार्य जोरशोर से जारी है।

प्रथम चरण के महत्वपूर्ण कार्योंं को नवंबर तक पूरा करने का काम जारी है और कोशिश होगी कि यह दीपावली तक हो जाए, तो बेहतर रहेगा।’ उन्होंने बताया कि राम मंदिर में स्तंभों, पीठिका तथा अन्य स्थानों पर आध्यात्मिक पौराणिक ग्रंथों में वर्णित कथाओं के आधार पर मूर्तियों का निर्माण किया जा रहा है।

प्रथम चरण के महत्वपूर्ण निर्माण कार्योंं में गर्भगृह, पांच मंडप, भूतल, निचला चबूतरा एवं पूर्वी प्रवेश द्वार शामिल हैं। निचले चबूतरे पर ‘रामकथा’ उकेरी जा रही है, जिसमें वाल्मीकि रामायण के 98 प्रमुख श्लोकों के आधार पर 98 भित्तिचित्र शामिल हैं।

वाल्मीकि रामायण में कुल 24000 श्लोक हैं। पिछले महीने मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्रा ने कहा था कि मंदिर ट्रस्ट को रामलला की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा के लिए देश के शीर्ष ज्योतिषियों ने 21, 22, 24 और 25 जनवरी को शुभ मुहूर्त बताया है। प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लेकर किसी भी अनुकूल तारीख के बारे में प्रधानमंत्री से आग्रह किया जायेगा।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment