मोदी-शाह को घुसपैठिया बताने पर BJP का अधीर रंजन पर हमला

Last Updated 02 Dec 2019 03:57:26 PM IST

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को घुसपैठिया बताये जाने संबंधी बयान पर सदन में सत्तापक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और चौधरी से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।


लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी (फाइल फोटो)

शून्यकाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उदय प्रताप सिंह ने यह मामला उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को घुसपैठिया कहा है। चौधरी राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर का विरोध करते हैं। वे घुसपैठ को बढ़ाने के पक्षधर हैं। जबकि मोदी भाजपा के नेता नहीं बल्कि हिन्दुस्तान के दिल पर राज करते हैं। चौधरी को इसके लिए बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।

सिंह के यह कहने पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और सत्तापक्ष के अनेक सदस्य अपने स्थान पर खड़े गये और उत्तेजित होकर चौधरी से क्षमायाचना करने की मांग की।

जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को घुसपैठिया बताकर चौधरी ने साबित किया है कि कांग्रेस जनादेश का सम्मान नहीं करती है और स्वीकार भी नहीं करती है। वह इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

बाद में अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सत्तापक्ष उनकी बात के संदर्भ को जाने बिना ही उत्तेजित हो रहा है। सत्तापक्ष को उनकी बात सुननी चाहिए। ये सारे संदर्भ सुनने पर उनकी बात का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वह खुलेआम स्वीकार करते हैं कि वह और उनके माता पिता बांग्लादेश से भारत में आये थे। पर आजादी के समय आने पर कोई उनको घुसपैठिया कह दे तो क्या वह घुसपैठिया कहलाएंगे।

इससे पहले चौधरी अपनी पूरी बात कह पाते, अध्यक्ष ओम बिरला से सदन की कार्यवाही भोजनावकाश के लिए स्थगित कर दी।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment