महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे सरकार ने विधानसभा में बहुमत हासिल किया

Last Updated 30 Nov 2019 09:50:22 AM IST

उद्धव ठाकरे नीत ‘महाराष्ट्र विकास आघाड़ी’ गठबंधन सरकार ने महाराष्ट्र विधानसभा में शनिवार को बहुमत हासिल कर लिया। विश्वासमत के पक्ष में 169 विधायकों ने मतदान किया।


महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे

विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) दिलीप वाल्से पाटिल ने सदन को बताया कि कुल 169 विधायकों ने विश्वासमत के समर्थन में वोट किया।      

उन्होंने बताया कि चार विधायकों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।     

प्रस्ताव के खिलाफ किसी ने वोट नहीं किया क्योंकि 288 सदस्यीय विधानसभा में विधायकों की गिनती शुरू होने से पहले ही भाजपा के सभी 105 विधायक वॉकआउट कर गये। 

इस गठबंधन में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और कांग्रेस शामिल हैं।      

गौरतलब है कि 21 अक्टूबर को हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा 105 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। वहीं, शिवसेना को 56, एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटों पर जीत मिली थी। 

रविवार को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव

विधानसभा का दो दिवसीय सत्र शनिवार को शुरू हुआ है। पहले दिन आज सदन में नए मंत्रियों के परिचय के बाद विश्वासमत हासिल किया गया।     

रविवार को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा जिसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा।     

नए विधानसभा अध्यक्ष इसके बाद विधानसभा में नेता विपक्ष के नाम की घोषणा करेंगे।     

राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने ठाकरे को बहुमत साबित करने के लिये तीन दिसंबर तक का वक्त दिया था।     

प्रदेश की 288 सदस्यीय विधानसभा में सत्ताधारी गठबंधन ने 162 विधायकों के समर्थन का दावा किया था।     

मुख्यमंत्री पद ढाई-ढाई साल रखने के मुद्दे पर शिवसेना ने अपने गठबंधन सहयोगी भाजपा से रिश्ते तोड़ लिये थे इसके बाद उद्धव ने एनसीपी और कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर सरकार बनाई।     

प्रदेश में 21 अक्टूबर को हुए चुनावों में भाजपा 105 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के तौर पर उभरी थी। शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस ने क्रमश: 56,54 और 44 सीटें जीती थीं।

एनसीपी के वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल को शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा का अस्थायी (प्रोटेम) अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने भाजपा के कालिदास कोलंबकर की जगह ली जिन्हें विधायकों को शपथ दिलाने के दौरान पूर्व में अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।     

पाटिल पूर्व में भी विधानसभा के अध्यक्ष रहे हैं।     

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।     

ठाकरे के अलावा छह अन्य मंत्रियों- शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस से दो-दो मंत्रियों ने भी शपथ ली थी।    

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment