प्रज्ञा पर रुख बिल्कुल साफ : राहुल

Last Updated 29 Nov 2019 05:26:07 PM IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद प्रज्ञा ठाकुर की आलोचना को लेकर भाजपा के हमले और विशेषाधिकार हनन के प्रस्ताव की मांग से बेखौफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि इस मुद्दे पर उनका रुख बिल्कुल साफ है और भाजपा जो चाहे कर सकती है।


कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो)

भाजपा सांसद द्वारा उनके खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव की मांग के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा, "साध्वी प्रज्ञा जो कहती हैं, उसमें उनका भरोसा है। मैं उनसे सहमत नहीं हूं। आप जो भी चाहें, कीजिए। मैंने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।"

इससे पहले लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के खिलाफ प्रज्ञा ठाकुर को आतंकवादी बताने के लिए विशेषाधिकार प्रस्ताव की मांग की थी।

राहुल गांधी ने गुरुवार को अपने ट्वीट में लिखा था, "आतंकवादी प्रज्ञा आतंकवादी गोडसे को देशभक्त कहती हैं। भारत की संसद के इतिहास में एक दुखद दिन।"

ठाकुर को महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे पर की गई उनकी टिप्पणी के बाद विपक्षी हमले व सेंसर प्रस्ताव का सामना करना पड़ा। ठाकुर ने शुक्रवार को संसद में अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी, लेकिन राहुल गांधी को आतंकवादी कहने के लिए निशाना भी बनाया। इस पर उन्हें दुबे का समर्थन मिला, जिन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव पारित किया जाना चाहिए।

इससे पहले दिन में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी जैसे परिधान धारण कर ठाकुर के खिलाफ यहां प्रदर्शन किया और भोपाल की सांसद को संसद से बाहर निकालने की मांग की।

भाजपा नेतृत्व ने गुरुवार को ठाकुर की टिप्पणी पर उन्हें दंडित किया और उन्हें रक्षा मंत्रालय की सलाहकार समिति से हटा दिया और मौजूदा शीतकालीन सत्र में उन्हें पार्टी संसदीय दल की बैठकों में शामिल होने से भी रोक दिया।

 

 

आईएएनएस
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment