उपचुनाव : भाजपा को 17, कांग्रेस को 12 सीटें
भाजपा और इसके सहयोगी दलों ने 18 राज्यों में 51 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के बृहस्पतिवार को आए नतीजों में भाजपा को 17 और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को 12 सीटों पर जीत हासिल हुई।
![]() उपचुनाव : भाजपा को 17, कांग्रेस को 12 सीटें |
असदुद्दीन ओवैसी नीत एआईएमआईएम ने बिहार में अपना खाता खोलते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की।
उपचुनावों में उत्तर प्रदेश में सपा को सबसे बड़ा फायदा हुआ, जिसने सत्तारूढ़ भाजपा और बसपा से एक-एक सीट छीनी। राज्य में राजग (एनडीए) ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की। इस तरह उसे एक सीट का नुकसान हुआ। रामपुर सीट पर सपा का कब्जा बरकरार रहा।
उप्र में कुल 11 विधानसभा सीटों में भाजपा ने सात और उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने एक सीट जीती। भाजपा ने बलहा, गंगोह, मानिकपुर, घोसी, इगलास, लखनऊ कैण्ट और गोविन्दनगर सीटों पर जीत हासिल की जबकि अपना दल (एस) ने प्रतापगढ़ सीट बरकरार रखी। सपा को रामपुर के अलावा अम्बेडकरनगर की जलालपुर और बाराबंकी की जैदपुर सीटों पर जीत हासिल हुई।
बिहार में सत्तारूढ जद (यू) को तगड़ा झटका लगा। पार्टी ने विधानसभा उपुचनाव में कुल पांच में से चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे लेकिन उसे एक पर ही जीत मिली। वहीं, राजद ने दो सीटें जीती। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजेता रहा। भाजपा के बागी उम्मीदवार करनजीत सिंह ने दरौंदा सीट बतौर निर्दलीय प्रत्याशी जीती। भाजपा को गुजरात में नुकसान उठाना पड़ा। यहां छह सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस-भाजपा को तीन-तीन सीटें मिली। इनमें कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए अल्पेश ठाकोर वाली सीट भी कांग्रेस को मिली। राजस्थान की दो सीटों में एक सीट कांग्रेस ने भाजपा से छीनी तो एक पर भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा।
मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस ने भाजपा से एक सीट छीन अपनी संख्या 115 कर ली। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया विजयी रहे। पंजाब की चार में से तीन पर कांग्रेस और एक पर अकाली दल को विजय हासिल हुई। दक्षिण के राज्यों में सत्ताधारी दलों ने ही उपचुनावों में जीत हासिल की। उप चुनावों में कांग्रेस-भाजपा के अलावा। सपा को 3, जदयू-1, राजद-2, टीआरएस-1, राकांपा-1, एआईएमआईएम-1, अपना दल-1, आरएलपी-1, अन्नाद्रमुक-2, एआईयूडीएफ-1 मुस्लिम लीग-1, माकपा-2, बीजद-1,यूडीपी-1, सिक्किम क्रांति मोर्चा-1 और निर्दलीय को एक सीट मिली है।
| Tweet![]() |