भाजपा-शिवसेना में सीटों का बंटवारा लगभग तय
महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना के बीच में सीटों के बंटवारे को लेकर लगभग सहमति बन गई है।
![]() देवेन्द्र फंडवीस एवं उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो) |
288 सदस्यीय विधानसभा के लिए भाजपा 144, शिवसेना 126 और चार छोटे दल मिलकर 18 सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं। शिवसेना को उपमुख्यमंत्री पद दिया जाएगा। अंतिम सीटों पर अभी फैसला होना बाकी है। हालांकि, बृहस्पतिवार देर रात तक भाजपा मुख्यालय में मंथन चलता रहा।
बृहस्पतिवार को भाजपा मुख्यालय में हुई महाराष्ट्र की कोर कमेटी की बैठक में सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है। इस बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री और नेताओं के फीडबैक के आधार पर केंद्रीय नेताओं ने शिवसेना की उपमुख्यमंत्री पद की मांग स्वीकार कर ली। बैठक की अध्यक्षता भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने की। इसी आधार पर शिवसेना कम सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार हुई। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे चाहते हैं कि उनके पुत्र आदित्य ठाकरे चुनाव लड़े और उपमुख्यमंत्री बने। वह अपने बेटे को राजनीति में स्थापित करना चाहते हैं। पिछली बार शिवसेना-भाजपा ने अलग होकर चुनाव लड़ा था। तब उसे महज 63 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा ने 122 सीटें जीती थीं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार बृहस्पतिवार की बैठक में सीटों के बंटवारे पर मोटे तौर पर सहमति बन गई है। 18 सीटें रामदास अठावले की पार्टी आरपीआई और तीन अन्य छोटे दलों को दी जाएंगी। सीटों के बंटवारे को लेकर औपचारिक घोषणा जल्दी की जा सकती है। मालूम हो कि महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया आज यानी शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। 21 को मतदान होगा और 24 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार है। इसलिए पार्टी दोबारा सत्ता में आने के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगा रही है।
| Tweet![]() |