येदियुरप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

Last Updated 26 Jul 2019 11:26:43 PM IST

कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने शुक्रवार को राजभवन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बी. एस. येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।


येदियुरप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने बी. एस. येदियुरप्पा को राजभवन के विशाल लॉन में एक सादे समारोह में शाम करीब 6:30 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राज्य के मुख्य सचिव टी. एम. विजय भास्कर ने समारोह का संचालन किया जिसकी शुरुआत व अंत में राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई।

सफेद सफारी सूट में अपने कंधों पर हरे रंग की शॉल लिए 75 वर्षीय येदियुरप्पा ने पुलिस अधिकारियों सहित राज्य के गणमान्य व्यक्तियों, विशेष आमंत्रित लोगों और शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति में भगवान के नाम पर कन्नड़ भाषा में शपथ ली।

इस दौरान कड़ी सुरक्षा के बीच पार्टी के सैकड़ों नेता, विधायक, कैडर और येदियुरप्पा के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।

शिवमोगा जिले के क्षेत्र मलनाड निवासी येदियुरप्पा ने राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर चौथी बार शपथ ली।

इस अवसर पर उपस्थित पार्टी के प्रमुख नेताओं में भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के. जी. बोपैया, पूर्व मंत्री बसवराज बोम्मई, बी.आर. श्रीरामुलि और जी. करुणाकर रेड्डी शामिल रहे।

इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एस. एम. कृष्णा भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।



इस अवसर पर येदियुरप्पा ने अपने दोनों हाथों से जीत का संकेत देकर मुस्कुराते हुए सभी का अभिवादन किया।

पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी और कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया सहित कांग्रेस और जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) के नेताओं ने इस शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया।

आईएएनएस
बेंगलुरू


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment