Russia Ukraine War: पुतिन ने यूक्रेन के साथ सीधी बातचीत का रखा प्रस्ताव

Last Updated 12 May 2025 08:05:51 AM IST

Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 15 मई को तुर्की के इस्तांबुल में यूक्रेन के साथ ‘बिना किसी पूर्व शर्त’ के सीधी वार्ता पुन: शुरू करने का रविवार को प्रस्ताव रखा।


पुतिन ने यूक्रेन के साथ सीधी बातचीत का रखा प्रस्ताव

पुतिन ने रविवार सुबह क्रेमलिन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान 2022 में रूस और यूक्रेन के बीच हुई शांति वार्ता को ‘पुन: आरंभ’ करने का प्रस्ताव रखा।

पुतिन ने यह प्रस्ताव ऐसे समय में रखा है जब चार प्रमुख यूरोपीय देशों के नेता रूस पर 30 दिन के युद्ध-विराम पर सहमत होने का दबाव बना रहे हैं, ताकि संघर्ष को समाप्त करने के लिए शांति वार्ता हो सके।

फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी और पोलैंड के नेताओं ने कहा कि सोमवार से युद्धविराम शुरू करने के उनके प्रस्ताव को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन प्राप्त है।

उन्होंने ट्रंप को फोन करके इस संबंध में जानकारी दी थी। पुतिन ने शनिवार को अपने वक्तव्य में इस नए युद्धविराम प्रस्ताव पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की, जबकि क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने शनिवार को ‘सीएनएन’ से कहा था कि मॉस्को इस पर विचार करेगा। 

नाजी जर्मनी पर विजय की 80वीं वषर्गांठ के अवसर पर घोषित रूस के एकतरफा तीन दिवसीय युद्धविराम की अवधि शनिवार को समाप्त हो गई और यूक्रेन का कहना है कि रूसी सेना ने इस युद्धविराम का कई बार उल्लंघन किया।

अमेरिका ने मार्च में तत्काल एवं सीमित 30 दिवसीय युद्धविराम का एक प्रस्ताव रखा था जिसे यूक्रेन ने स्वीकार कर लिया था लेकिन क्रेमलिन ने अपनी पसंद के अनुसार युद्धविराम की शतरें पर अधिक जोर दिया।

यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने शनिवार को कहा था कि यूक्रेन और उसके सहयोगी सोमवार से कम से कम 30 दिन के लिए रूस के साथ ‘पूर्ण, बिना शर्त युद्धविराम’ के लिए तैयार हैं।

जेलेंस्की ने रूसी पहल का किया स्वागत

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हो रही है कि रूस युद्ध को समाप्त करने के लिए अंतत: प्रयास कर रहा है लेकिन शांति वार्ता शुरू होने से पहले युद्धविराम होना चाहिए।

जेलेंस्की ने इसे ‘सकारात्मक संकेत’ बताते हुए कहा कि ‘पूरी दुनिया बहुत लंबे समय से इसका इंतजार कर रही थी और किसी भी युद्ध को सही मायने में समाप्त करने का पहला कदम युद्ध विराम है।’

एपी
मॉस्को/कीव


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment