अमेरिका ने प्रदर्शनकारियों पर रूस की कार्रवाई की निंदा की

Last Updated 25 Jan 2021 06:32:10 AM IST

अमेरिका ने रूस में विपक्ष के नेता अलेक्सी नवलनी की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों के खिलाफ रूसी अधिकारियों द्वारा सख्त कदम उठाए जाने की आलोचना की है।


मास्को के पुश्किन स्क्वायर पर शनिवार को विपक्षी नेता अलेक्सी नवलनी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शनकारियों को एकत्र होने से रोकने के लिए तैनात दंगा रोधी पुलिस।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सबसे बड़े आलोचक और धुर विरोधी नवलनी को 17 जनवरी जर्मनी से मास्को लौटने पर गिरफ्तार किया गया था। जर्मनी में पांच महीने से उनका इलाज चल रहा था। नवलनी ने रूस सरकार पर उनको जहर देने का आरोप लगाया है। अमेरिका के विदेश विभाग ने रूस के अधिकारियों से कहा, नवलनी की तत्काल व बिना शर्त रिहाई के लिए अपने वैश्विक अधिकारों का इस्तेमाल करने पर हिरासत में लिए गए सभी लोगों को फौरन रिहा किया जाए।
रूस में बड़े पैमाने पर चल रहे प्रदर्शनों के बीच अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, रूस से हमारी मांग है कि अलेक्सी नवलनी को जहर देने के मामले की अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा जांच में वह पूरा सहयोग करे और अपने यहां रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल के बारे में विसनीय जानकारी दे।

उन्होंने कहा, आज की घटनाओं से पहले रूस की सरकार ने अभिव्यक्ति की आजादी तथा शांतिपूर्ण सभा करने के अधिकारों को दबाने के प्रयास किए, उसने प्रदर्शन के आयोजकों को प्रताड़ित किया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को धमकाया और ऐसे लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया जो प्रदर्शनों में शामिल हो सकते थे। रूसी पुलिस ने शनिवार को सरकार के धुर विरोधी अलेक्सी नवलनी की रिहाई की मांग करने के लिए सड़कों पर प्रदर्शन करने वाले सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया था। प्राइस ने कहा, रूस समेत हर कहीं मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अमेरिका अपने सहयोगियों और साझेदारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

विरोध प्रदर्शन के लिए अमेरिकी दूतावास दोषी : रूस
रूस के विदेश मंत्रालय ने देश के विभिन्न शहरों में चल रही विपक्षी रैलियों में हस्तक्षेप के लिए मास्को में अमेरिकी दूतावास को दोषी ठहराया है। रूस का कहना है कि ये देश का अंदरूनी मामला है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, रूसी शहरों में चल रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में सोशल मीडिया पर सक्रिय रूप से संदेश पोस्ट कर अमेरिकी दूतावास ने राजनयिक नियमों की अवहेलना की है। बयान में कहा गया है, हम हिंसक विरोध प्रदर्शन के बारे में बात कर रहे हैं। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने मंत्रालय के बयान के हवाले से बताया, अमेरिकी राजनयिकों द्वारा विरोध प्रदर्शन को उकसाने के प्रयास विफल हो जाएंगे। अमेरिका की ये कार्रवाई मास्को-वाशिंगटन संबंध के लिए ठीक नहीं है। मंत्रालय का ये बयान हिरासत में लिए गए विरोधी नेता अलेक्सी नवालनी के समर्थन में रूस के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन के बाद आया है। रूसी आंतरिक मंत्रालय की मास्को शाखा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, क्रेमलिन के पास पुश्किन स्क्वायर में रैली में लगभग 4,000 लोगों ने भाग लिया। मास्को में 600 से अधिक प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

 

आईएएनएस/भाषा
मास्को/वाशिंगटन


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment