Sakat Chauth vrat katha in Hindi: सकट चौथ पर पढ़ें ये व्रत कथा, संतान को मिलेगा लंबी उम्र का आशीर्वाद

Last Updated 29 Jan 2024 08:37:22 AM IST

Sakat Chauth vrat katha in Hindi: माघ माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को सकट चौथ का व्रत रखा जाता है। इस तिल चौथ और माघी चौथ भी कहा जाता है। इस साल सकट चौथ का व्रत 29 जनवरी यानी आज रखा जा रहा है।


धार्मिक मान्यता के अनुसार सकट चौथ के दिन भगवान गणेश की पूजा करने से साधक को सुख-समृद्धि मिलती है। सकट चौथ के दिन महिलाएं संतान की दीर्घ आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए व्रत रखती हैं। इस दिन पूजा पाठ का विशेष मुहूर्त होता है। इस शुभ मुहूर्त में पूजा करना फलदायी होता है। पूजा के समय सकट चौथ व्रत कथा जरुर पढ़ें। इसके बिना पूजा अधूरी मानी जाती है। तो चलिए यहां पढ़िए सकट चौथ की व्रत कथा।   

सकट चौथ व्रत कथा - Sakat Chauth vrat katha
पौराणिक कथा के अनुसार किसी नगर में एक कुम्हार रहता था। एक बार जब उसने बर्तन बनाकर आंवा लगाया तो आंवा नहीं पका और बर्तन कच्चे रह गए। इससे परेशान होकर वह राजा के पास गया और प्रार्थना करने लगा कि आंवां पक ही नहीं रहा है।

राजा ने पंडित को बुलाकर इसका उपाय मांगा,तो पंडित ने कहा कि हर बार आंवां लगाते समय एक बच्चे की बलि गेनी होगी। बच्चे की बलि देने से आंवां पक जाएगा। राजा ने सभी को इसका आदेश दे दिया।  बलि आरंभ हुई। जिस परिवार की बारी होती वह परिवार अपने बच्चों में से एक बच्चा बलि के लिए भेज देता।

इसी तरह कुछ दिनों बाद सकट चौथ के दिन एक बुढ़िया के लड़के की बारी आई। बुढ़िया के लिए वही जीवन का आखिरी सहारा था। लेकिन राजा की आज्ञा के आगे किसी की नहीं चलती। दुखी बुढ़िया सोच रही थी कि मेरा तो एक ही बेटा है, वह भी सकट के दिन मुझसे जुदा हो जाएगा।

बुढ़िया ने लड़के को सकट की सुपारी और दूब का बीड़ा देकर कहा, 'भगवान् का नाम लेकर आंवां में बैठ जाना। सकट माता रक्षा करेंगी।'

बालक को आंवा में बैठा दिया गया और बुढ़िया सकट माता के सामने बैठकर पूजा करने लगी। पहले तो आंवा पकने में कई दिन लग जाते थे, पर इस बार सकट माता की कृपा से एक ही रात में आंवां पक गया था। सवेरे कुम्हार ने देखा तो हैरान रह गया।

आंवां पक गया था। बुढ़िया का बेटा भी सुरक्षित था और अन्य बालक भी जीवित हो गए थे। नगरवासियों ने सकट की महिमा स्वीकार की तथा लड़के को भी धन्य माना। तब से आज तक सकट की विधि विधान से पूजा की जाती है।

प्रेरणा शुक्ला
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment