सरोकार : ऐसा है कमला हैरिस के व्यक्तित्व का जादू
कमला हैरिस का वह वीडियो वायरल हो गया है जिसमें वह अपनी ग्रैंड नीज को कह रही हैं कि आने वाले समय में वह अमेरिका की राष्ट्रपति बन सकती हैं।
![]() सरोकार : ऐसा है कमला हैरिस के व्यक्तित्व का जादू |
बच्ची कमला से पूछती है कि क्या वह देश की राष्ट्रपति बनने वाली हैं। तब कमला उससे कहती हैं कि वह खुद तो राष्ट्रपति नहीं बन रहीं। लेकिन बच्ची का भविष्य उज्जवल है। हो सकता है कि वह उस अमेरिका की राष्ट्रपति बन सके, जहां अब तक के इतिहास में कोई महिला इस पद पर नहीं चुनी गई है।
जो बाइडेन के राष्ट्रपति बनने की पूरी संभावना है और इसके बाद कमला हैरिस डोमेक्रेटिक पार्टी की तरफ से उपराष्ट्रपति चुन ली जाएंगी। यूं कमला हैरिस ने इतिहास रच दिया है। भारतीय मां और जमैकन पिता की बेटी कमला पहली महिला, पहली भारतीय अमेरिकी, पहली ब्लैक, पहली दक्षिण एशियाई अमेरिकी, पहली एशियाई हैं, जिन्हें उपराष्ट्रपति का पद मिलने वाला है। बहुत से लोग याद कर रहे हैं कि कैसे कमला हैरिस ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के तौर पर नामांकन स्वीकार करते समय एक संकल्प दोहराया था। उन्होंने अपने भाषण में एक शब्द का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें हमेशा से अपने परिवार को पहले रखना सिखाया गया है। इसमें वह परिवार है जिसमें आप पैदा होते हैं और एक परिवार जो आप चुनते हैं। इसके बाद कमला ने अपने पति, बच्चों, बहन, बेस्ट फ्रेंड, अंकल और आंटी का जिक्र किया और फिर एक और नाम लिया-‘चिट्टी’। चिट्टी तमिल में अपनी मौसी को कहा जाता है। इस एक शब्द से वह कई समुदायों से जुड़ गई थीं- अफ्रीकी अमेरिकियों से, एशियाई अमेरिकियों से, दक्षिण एशियाई अमेरिकियों से और 45 लाख भारतीय अमेरिकियों से भी जिनमें से 19 लाख लोग तो वोट देने लायक थे।
कमला हैरिस के व्यक्तित्व का ही जादू था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उन पर शब्दों के तीखे हमले कर रहे थे। कभी ट्रंप ने उन्हें ‘फाइन च्वॉयस’ कहा था, और अब वह उन्हें शैतान कह रहे थे। बराक ओबामा की ही तरह कमला हैरिस के नाम का भी मजाक उड़ाया गया था। जॉर्जिया में एक चुनावी रैली में रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर डेविड परड्यू ने कमला का गलत नाम लिया था। एक रैली में परड्यू ने कमला के लिए कहा था, ‘काह-मह-ला? कमला- मला-मला? पता नहीं क्या है’। इसके बाद कमला हैरिस की प्रवक्ता ने कहा, ‘मैं इसे आसान करती हूं: अगर आप इसका उच्चारण कर सकें ‘पूर्व सीनेटर डेविड परड्यू’ तो आप कह सकते हैं, होने वाली उपराष्ट्रपति कमला हैरिस’। परड्यू की खूब आलोचना हुई थी।
खुद कमला हैरिस ने 2018 में अपनी आत्मकथा, ‘द ट्रुथ वी टोल्ड’ में लिखा है, ‘लोग मेरा नाम किसी विराम चिह्न यानी तरह ‘कोमा-ला’ बोलते हैं’। इसके बाद उन्होंने अपने भारतीय नाम का मतलब समझाया था,‘मेरे नाम का मतलब है ‘कमल का फूल’। भारतीय संस्कृति में इसकी काफी अहमियत है। कमल का पौधा पानी के नीचे होता है। फूल पानी की सतह से ऊपर खिलता है। जड़ें नदी तल से मजबूती से जुड़ी होती हैं’। भारतीय अमेरिकी समुदाय कमला के चुनाव के बाद बहुत खुश था। एक सर्वे में बताया गया था कि कमला ने भारतीय अमेरिकियों को एकजुट करने में बड़ा काम किया है। ऐसे लोगों ने भर-भरकर वोट किया। जो बाइडेन को इसका खूब फायदा हुआ। वह अमेरिकी इतिहास में सबसे ज्यादा वोट बटोरने वाली शख्सियत बन गए हैं।
| Tweet![]() |