आत्मनिर्भर होता भारत
भारत ने 400 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य हासिल करके उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
![]() आत्मनिर्भर होता भारत |
यह पहला मौका है जब भारत ने 400 अरब डॉलर का उत्पाद निर्यात किया है। इससे भी महत्त्वपूर्ण बात यह है कि इस लक्ष्य को निर्धारित समय से नौ दिन पहले हासिल किया गया है। चालू वित्त वर्ष में भारत का निर्यात 37 प्रतिशत बढ़कर 400 अरब डॉलर हो चुका है। वित्त वर्ष 2020-21 में यह 292 अरब डॉलर था। निर्यात के मामले में भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वर्ष 2018-2019 में 330.07 अरब डॉलर का रहा था। वाकई में कोरोना काल की आर्थिक उथल पुथल के दौरान यह भारत के आत्मनिर्भर होने की ओर बढ़ने में बड़ा कदम है। भारत ने 2021-2022 में औसतन 33 अरब डॉलर के उत्पाद हर महीने निर्यात किए।
निर्यात वृद्धि में पेट्रोलियम उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, इंजीनियरिंग उत्पाद, चमड़ा, कॉफी, प्लास्टिक, रेडीमेड परिधान, मांस एवं दुग्ध उत्पाद, समुद्री उत्पाद और तंबाकू उत्पादों की अहम भूमिका रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 400 अरब डॉलर का उत्पाद निर्यात लक्ष्य हासिल करने में भारत को मिली कामयाबी की तारीफ की है और कहा है कि देश को ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने में यह एक अहम पड़ाव है।
इस सफलता की बधाई किसानों, कारीगरों, एमएसएमई, विनिर्माताओं, निर्यातकों को दी जानी चाहिए, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी इस लक्ष्य को हासिल करने में जबरदस्त योगदान किया है। केंद्र सरकार के प्रोत्साहनों का भी इस उपलब्धि में बड़ा योगदान है। सरकार राज्यों एवं जिलों के साथ करीबी संपर्क में है और निर्यातकों से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान के लिए भी उनसे जुड़ी हुई है। निर्यात संवर्धन परिषदों, उद्योग संगठनों और अन्य हितधारकों के साथ सक्रिय संपर्क ने देश को यह लक्ष्य हासिल करने में बड़ी मदद की है।
भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (फिओ) ने इसे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। निर्यातकों ने तमाम चुनौतियों के बावजूद एक साल में ही निर्यात में 110 अरब डॉलर की वृद्धि की है। इस सिलसिले को कायम रखना और उसे आगे बढ़ाना अधिक महत्त्वपूर्ण है। उम्मीद करें कि विभिन्न देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों और उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजनाओं से यह सिलसिला और बढ़ेगा।
Tweet![]() |