AUS vs SL ICC World Cup : श्रीलंका को एकतरफा मैच में हराकर आस्ट्रेलिया ने खोला जीत का खाता

Last Updated 17 Oct 2023 07:21:18 AM IST

AUS vs SL ICC World Cup :ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जम्पा (47 रन पर चार विकेट) और कप्तान पैट कमिंस (32 रन पर दो विकेट) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर आस्ट्रेलिया ने आईसीसी वनडे विश्व कप मैच में सोमवार को श्रीलंका को 88 गेंद शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी।


लखनऊ : श्रीलंका के खिलाफ गेंदबाजी करते आस्ट्रेलिया के एडम जम्पा।

आस्ट्रेलिया की तीन मैचों में यह पहली जीत है और टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर आ गयी है। श्रीलंका लगातार तीसरी हार के बाद नौवें स्थान पर है।

श्रीलंका की पारी को 43.3 ओवर में 209 रन पर समेटने के बाद आस्ट्रेलिया ने 35.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाकर जीत दर्ज की। आस्ट्रेलिया के लिए सलामी बल्लेबाज मिशेल मार्श (51 गेंद में 52) और जोश इंग्लिस  (59 गेंद में 58) ने अर्धशतकीय पारियां खेली जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 21 गेंद में नाबाद 31 और मार्नस लाबुशेन ने 60 गेंद में 40 रन का योगदान दिया। श्रीलंका के लिए दिलशान मधुशंका ने तीन विकेट लिए। दुनिथ वेलालागे को एक सफलता मिली।

सलामी बल्लेबाजों कुसल परेरा (78) और पथुम निसंका (61) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच 130 गेंद में 125 रन की साझेदारी के दम पर श्रीलंका ने दमदार शुरुआत की लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद उसकी पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गयी। परेरा ने 82 गेंद की पारी में 12 जबकि निशंका ने 67 गेंद की पारी में आठ चौके जड़े।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज मिशेल मार्श ने पारी की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दूसरे छोर से डेविड वॉर्नर (11) और पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ (शून्य) के पवेलियन लौटने का भी उन पर कोई असर नहीं पड़ा। वॉर्नर और स्मिथ को मधुशंका ने पगबाधा किया। वॉर्नर ने मैदानी अंपायर के फैसले पर रिव्यू लिया लेकिन टीवी रिप्ले में देखा गया कि गेंद लेग स्टंप पर लग रही थी। वॉर्नर इस फैसले पर नाखुशी जाहिर करते हुए पैवेलियन लौटे।

मार्श ने लाहिरू कुमार के ओवर में दो और वेलालागे के ओवर में तीन चौके जड़े। उन्होंने 12वें ओवर में 39 गेंद में विश्व कप का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। वह इसके बाद करुणारत्ने के शानदार थ्रो पर 15वें ओवर में रन आउट हो गए। क्रीज पर आए इंग्लिस ने तीक्षणा के इस ओवर में लगातार दो चौके के साथ खाता खोला। एक छोर से लाबुशेन रक्षात्मक बल्लेबाजी कर रहे थे तो वही इंग्लिस श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाकर तेजी से रन बटोर रहे थे। उन्होंने 25वें ओवर में लाहिरू की गेंद पर अपर कट पर शानदार चौका जड़ने के बाद ओवर की आखिरी गेंद को दर्शकों के पास भेजा। इस गेंदबाज पर एक और चौके साथ उन्होंने 27वें ओवर में 46 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

लाबुशेन ने भी वेलालागे पर चौका जड़ा लेकिन मधुशंका ने उनकी पारी को खत्म कर तीसरी सफलता हासिल की। लाबुशेन और इंग्लिस ने चौथे विकेट के लिए 88 गेंद में 77 रन की साझेदारी की। ग्लेन मैक्सवेल ने मैदान पर उतरते ही मधुशंका पर तीन चौके और तीक्षणा पर दो छक्के जड़ा कर मैच पर पूरी तरह से ऑस्टेलिया की पकड़ बना दी। वेलालागे ने इंग्लिस को आउट किया लेकिन अपनी आईपीएल टीम के घरेलू मैदान पर मार्कस स्टोइनिस ने इस गेंदबाज के खिलाफ दो चौके और छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी। वह 10 गेंद में 20 रन पर नाबाद रहे।

स्कोर बोर्ड

श्रीलंका -
पथुम निसंका का. वॉर्नर बो. क¨मस     61
कुसल परेरा बो. क¨मस     78
कुसल मेंडिस का. वॉर्नर बो. जम्पा     09
सदीरा समरविक्रमा पगबाधा बो. जम्पा     04
चरिथ असलंका का. लाबुशेन बो. मैक्सवेल     25
धनंजय डिसिल्वा बो. स्टार्क     07
दुनिथ वेलालागे रन आउट     02
चमिका करुणारत्ने पगबाधा बो. जम्पा     02
महीश तीक्षणा पगबाधा बो. जम्पा     00
लाहिरू कुमारा बो. स्टार्क     04
दिलशान मधुशंका (नाबाद)    00
अतिरिक्त -    13
कुल - (43.3 ओवर में सभी आउट)     209
विकेटपतन - 1/125, 2/157, 3/165, 4/166, 5/178, 6/184, 7/196, 8/199, 9/204
गेंदबाजी - स्टार्क 10-0-43-2, हेजलवुड 7-1-36-0, क¨मस 7-0-32-2, मैक्सवेल    9.3-0-36-1, जम्पा 8-1-47-4, स्टोइनिस 2-0-11-0

आस्ट्रेलिया -
मिशेल मार्श रन आउट     52
डेविड वॉर्नर पगबाधा बो. मधुशंका     11
स्टीव स्मिथ पगबाधा बो. मधुशंका     00
लाबुशेन का. करुणारत्ने बो. मधुशंका     40
जोश इंग्लिस का. तीक्षणा बो. वेलालागे     58
ग्लेन मैक्सवेल (नाबाद)    31
मार्कस स्टोइनिस (नाबाद)    20
अतिरिक्त -    03
कुल - (35.2 ओवर में पांच विकेट पर)     215
विकेटपतन - 1/24, 2/24, 3/81, 4/151, 4/158, 5/192
गेंदबाजी - लाहिरू 4-0-47-0, मधुशंका     9-0-38-3, महीश तीक्षणा 7-0-49-0, वेलालागे    9.2-0-53-1, करुणारत्ने 3-0-15-0, डीसिल्वा 3-0-13-0

समयलाइव डेस्क
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment