एशिया कप : भारत की फाइनल की उम्मीदें धूमिल, श्रीलंका ने भारत को छह विकेट से हराया
पिछले चैंपियन भारत को एशिया कप सुपर 4 चरण के बेहद महत्वपूर्ण मैच में श्रीलंका ने मंगलवार को छह विकेट से हराकर बाहर होने की कगार पर धकेल दिया।
![]() दुबई : एशिया कप सुपर 4 मुकाबले में श्रीलंका से छह विकेट से हारने के बाद, श्रीलंका के खिलाड़ियों से हाथ मिलाते हुए भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली एवं रोहित शर्मा। |
अब भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के नतीजे अनुकूल रहने की उम्मीद करनी होगी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की 41 गेंद में 72 रन की पारी बेकार गई और श्रीलंका ने 174 रन का लक्ष्य एक गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। श्रीलंका को आखिरी दो ओवर में 21 रन चाहिए थे लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में 14 रन देकर मैच भारत की जद से बाहर ही कर दिया। पाकिस्तान अगर बुधवार को अफगानिस्तान को हरा देता है तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।
श्रीलंका को सलामी बल्लेबाज कुसल मेंडिस (37 गेंद में 57 रन) और पाथुम निसांका (37 गेंद में 52 रन) ने शानदार शुरुआत दिलाई और तेजी से 91 रन जोड़े। श्रीलंका के पचास रन छठे ओवर में ही बन गए जिससे भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बन गया। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने हालांकि 12वें ओवर में दो विकेट लेकर श्रीलंका की रनगति पर अंकुश लगाने की कोशिश की। रविचंद्रन अश्विन ने धनुष्का गुणतिलका (एक) को पैवेलियन भेजा। श्रीलंका का स्कोर 14वें ओवर में तीन विकेट पर 110 रन था। अगले ओवर में चहल ने मेंडिस को पगबाधा आउट किया। इसके बाद हालांकि श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका (नाबाद 33) और भानुका राजपक्षे (नाबाद 25) ने पांचवें विकेट के लिए 64 रन की अटूट साझेदारी करके मैच जिताया।
इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मोच्रे से अगुआई करते हुए 41 गेंद पर 72 रन बनाए जिसकी मदद से भारत ने आठ विकेट पर 173 रन का स्कोर बनाया। शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद रोहित ने कप्तानी पारी खेली और पांच चौके तथा चार छक्के जड़े। सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंद में 34 रन बनाकर उनका बखूबी साथ दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 97 रन जोड़े। रोहित के आउट होने के बाद हालांकि भारतीय बल्लेबाज 63 रन ही बना पाए। एक समय भारत का स्कोर 13वें ओवर में तीन विकेट पर 110 रन था जब रोहित आउट हुए।
श्रीलंका की शुरुआत बहुत अच्छी रही जिसने ओपनर केएल राहुल (छह) और विराट कोहली (शून्य) को सस्ते में आउट किया। भारत का स्कोर तीसरे ओवर में दो विकेट पर 13 रन था। दूसरे ओवर में एक्स्ट्रा कवर पर चौका जड़ने के बाद राहुल आफ स्पिनर महीष तीक्षणा की गेंद पर पगबाधा हो गए। राहुल ने रिव्यू भी लिया लेकिन फैसला उनके पक्ष में नहीं रहा। उसके बाद आए कोहली चार गेंदों में खाता भी नहीं खोल सके और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका ने उन्हें पैवेलियन भेज दिया। रोहित ने दूसरे छोर से रन बनाना जारी रखा और चमिका करुणारत्ने को मिडआन पर चौका जड़ा। तेज गेंदबाज असिथ फर्नाडो को रोहित ने एक छक्का और चौका जड़कर पांचवें ओवर में 14 रन निकाले। इसके अगले ओवर में तीक्षणा को चौका जड़कर पावरप्ले के छह ओवरों के बाद स्कोर 44 रन तक ले गए।
स्कोर बोर्ड
भारत -
केएल राहुल पगबाधा बो. तीक्षणा 06
रोहित शर्मा का. निसांका बो. करुणारत्ने 72
विराट कोहली बो. मधुशंका 00
सूर्यकुमार यादव का. तीक्षणा बो. शनाका 34
हार्दिक पांड्या का. निसांका बो. शनाका 17
ऋषभ पंत का. निसांका बो. मधुशंका 17
दीपक हुड्डा बो. मधुशंका 03
रविचंद्रन अश्विन (नाबाद) 15
भुवनेश्वर कुमार बो. करुणारत्ने 00
अर्शदीप सिंह (नाबाद) 01
अतिरिक्त - 08
कुल - (20 ओवर में आठ विकेट पर) 173
विकेटपतन - 1/11, 2/13, 3/110, 4/119, 5/149, 6/157, 7/158, 8/164
गेंदबाजी - मधुशंका 4-0-24-3, तीक्षणा4-0 -29-1, करुणारत्ने 4-0-27-2, फर्नाडो 2-0-28-0, डिसिल्वा 4-0-39-0, शनाका 2-0-26-2
श्रीलंका -
पाथुम निसांका का. रोहित बो. चहल 52
कुसल मेंडिस पगबाधा बो. चहल 57
चरित असलांका का. सूर्यकुमार बो. चहल 00
धनुष्का गुणतिलका का. राहुल बो. अश्विन 01
भानुका राजपक्षे (नाबाद) 25
दासुन शनाका (नाबाद) 33
अतिरिक्त - 06
कुल - (19.5 ओवर में चार विकेट पर) 174
विकेटपतन - 1/97, 2/97, 3/110, 4/110
गेंदबाजी - भुवनेश्वर 4-0-30-0, अर्शदीप 3.5-0-40-0, हार्दिक पांड्या 4-0-35-0, युजवेंद्र चहल 4-0-34-3, रविचंद्रन अश्विन 4-0-32-1
| Tweet![]() |