Jharkhand Monsoon Session: शुरू हुआ मानसून सत्र, 4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट
झारखंड विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र शुक्रवार को शुरू हो गया।
![]() |
पहले दिन सदन की कार्यवाही संक्षिप्त रूप से चली तथा हाल ही में दिवंगत हुए प्रतिष्ठित व्यक्तियों को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यवाही चार अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा और कुछ विधेयक भी पेश किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि सभी सदस्य सत्र के दौरान झारखंड को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाएंगे। हमारी चर्चाएं और निर्णय तभी सार्थक होंगे जब वे आम लोगों के जीवन में सुधार लाएंगे।"
अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अच्छे स्वास्थ्य के लिए भी प्रार्थना की। उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड के लिए उनका (शिबू सोरेन का) योगदान किसी से छिपा नहीं है।’’
सोरेन (81) का एक महीने से अधिक समय से दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
अध्यक्ष ने भाजपा के हटिया से विधायक नवीन जायसवाल को विपक्ष का मुख्य सचेतक तथा धनबाद से विधायक राज सिन्हा और बगोदर से विधायक नागेंद्र महतो को सचेतक के रूप में नियुक्त किया।
सदन के सदस्यों ने हाल ही में दिवंगत हुए राजनेताओं, कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों और आम नागरिकों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा।
इनमें कांग्रेस के पूर्व सांसद तिलकधारी सिंह, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन, पोप फ्रांसिस, बॉलीवुड अभिनेता मनोज कुमार और वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. के कस्तूरीरंगन शामिल थे।
सदन के सदस्यों ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले 26 लोगों और अहमदाबाद विमान दुर्घटना में हुई 241 लोगों की मौत पर भी शोक व्यक्त किया।
| Tweet![]() |